Headlines

दीपावली-छठ पर समस्तीपुर मंडल के 13 स्टेशनों पर बनेगा होल्डिंग एरिया




दीपावली और छठ महापर्व पर ट्रेनों में उमड़ने वाली यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए समस्तीपुर रेल मंडल ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। मंडल के 13 प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे, जहां यात्रियों को ट्रेन आने और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश से पहले व्यवस्थित तरीके से रोका जाएगा। इन स्थानों पर वाटरप्रूफ टेंट, बैरिकेडिंग, पेयजल, अस्थायी शौचालय और रोशनी की व्यवस्था होगी। वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ के जवान तैनात रहेंगे। मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया गया।मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, रक्सौल, सहरसा, ललितग्राम, सकरी, जयनगर, सीतामढ़ी, पूर्णिया कोर्ट, बापूधाम मोतिहारी और बेतिया में होल्डिंग एरिया विकसित किए जाएंगे। प्रत्येक स्टेशन के लिए अलग क्राउड मूवमेंट प्लान तैयार किया गया है। यात्रियों को होल्डिंग एरिया से फुट ओवरब्रिज के रास्ते प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया जाएगा। पीक आवर में ट्रेनों के शेड्यूल के अनुसार भीड़ का आकलन कर कतार प्रबंधन किया जाएगा। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर भी अतिरिक्त भीड़ की आशंका को देखते हुए विशेष इंतजाम रहेंगे। आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की टीमें ट्रेनों में पटाखे एवं अन्य ज्वलनशील प्रतिबंधित सामान ले जाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाएंगी। यह अभियान छठ पूजा के कम से कम दो दिन बाद तक जारी रहेगा। स्टेशनों पर पेयजल, शौचालय, पंखे, लाइट, प्रतीक्षालय और एसी की कार्यशीलता की जांच होगी। टूटे टाइल्स, फिसलन वाले स्थान, खुले बिजली तार और प्लेटफॉर्म पर बने गड्ढों को प्राथमिकता से ठीक कराया जाएगा।सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को निर्धारित नियमों के तहत भोजन वितरण की अनुमति मिलेगी, लेकिन प्लेटफॉर्म पर भोजन बांटने की अनुमति नहीं होगी। जरूरत पड़ने पर होल्डिंग एरिया में पैक्ड भोजन और साबुत फल वितरित किए जा सकेंगे। भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त रेलकर्मियों के साथ स्काउट-गाइड और स्वयंसेवकों की भी मदद ली जाएगी। वही छठ और दीपावली के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर मंडल में 14 नवंबर से 25 नवंबर तक पार्सल की आवक और जावक बुकिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विशेष परिस्थिति में सक्षम अधिकारी की अनुमति से ही अपवादस्वरूप बुकिंग की जा सकेगी। यात्रियों की संख्या और वेटिंग लिस्ट बढ़ने पर तत्काल अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की तैयारी रहेगी। सहरसा, पूर्णिया कोर्ट, रक्सौल, जयनगर, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में अतिरिक्त रेक तैयार रखे जाएंगे। वहीं, सहरसा, जयनगर, रक्सौल, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और समस्तीपुर में द्वितीय श्रेणी एवं स्लीपर के अतिरिक्त कोच उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है। ट्रेनों के पुनर्निर्धारण और देरी पर लगातार नजर रखी जाएगी। विशेष परिस्थिति को छोड़कर प्लेटफॉर्म नहीं बदला जाएगा। एक ही आइलैंड प्लेटफॉर्म पर दो ट्रेनों को एक साथ खड़ा करने से भी बचने का निर्देश दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *