![]()
पटना-सासाराम फोरलेन के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान उदवंतनगर बाजार में खुरमा मिठाई की कई दुकानें तोड़ी गईं। दुकानदारों का कहना है कि इससे उनकी रोजी-रोटी पर असर पड़ा है।
.
दुकानदारों ने बताया कि वे कई साल से यहां खुरमा मिठाई बेचकर परिवार चला रहे थे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जेसीबी से दुकानें तोड़ीं।
उदवंतनगर का खुरमा स्वाद और शुद्धता के लिए जाना जाता है। इसे छेना और चीनी की चाशनी से बनाया जाता है। इसमें घी और रिफाइन का इस्तेमाल नहीं होता। दुकानदारों के मुताबिक, खुरमा को जीआई टैग देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
ग्रामीण अनुपम कुमार, अखिलेश कुंवर और अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि भू-अर्जन विभाग और NHAI ने रैयतदारों और मकान मालिकों को मुआवजा दिए बिना दुकानें तोड़ दीं। उनका कहना है कि दो दिन पहले माइक से इसकी सूचना दी गई थी।
ग्रामीणों ने कहा कि छठ पूजा और दीपावली से पहले लोग घरों की सफाई कर रहे थे, लेकिन अधिकारियों ने उनकी बातों पर ध्यान दिए बिना निर्माण तोड़ दिया। कई साल से वहां मकान बनाकर रह रहे सियाकांत पाण्डेय ने अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाया।
भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि आरा-सासाराम फोरलेन सड़क का निर्माण हो रहा है। इसके लिए अतिक्रमण हटाया जा रहा है और रैयतों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है।
