Headlines

बेगूसराय में स्वच्छता पर्यवेक्षक का पोखर में मिला शव:हत्या की आशंका, शरीर पर चोट के निशान मिले, पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगा राज




बेगूसराय के वीरपुर थाना क्षेत्र की सहुरी पंचायत स्थित बहियार के एक पोखर से शनिवार को चार दिनों से लापता 25 वर्षीय स्वच्छता पर्यवेक्षक दशरथ सहनी का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक भगवानपुर थाना क्षेत्र के बनहारा गांव का रहने वाला था। दशरथ सहनी बरौनी प्रखंड की सहुरी पंचायत में स्वच्छता पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत था। वह वीआईपी पार्टी के जिलाध्यक्ष और सहुरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जयजय राम सहनी का साला था। पिता की मौत के बाद वह अपनी बहन के घर सहुरी में रह रहा था। 4 नवंबर से था लापता, परिजन कर रहे थे तलाश जानकारी के अनुसार, दशरथ 4 नवंबर से लापता था। परिजन और रिश्तेदार लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 6 नवंबर को परिजनों ने वीरपुर थाने में उसके लापता होने की सूचना दी थी। परिवार को उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद थी। शनिवार दोपहर स्थानीय लोगों ने सहुरी पंचायत के बहियार स्थित पोखर में एक शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पोखर से बाहर निकलवाया। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका बताया जा रहा है कि दशरथ के शरीर पर चोट के निशान थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मारपीट कर उसकी हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के लिए शव पोखर में फेंक दिया गया। हालांकि, हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष और सदर-टू डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति भी घटनास्थल पर पहुंचीं। दोनों अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और जांच की। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *