Headlines

सीवान में छात्रों के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन:संसद मार्च पर कार्रवाई के विरोध में फूंका पीएम का पुतला, पेपर लीक पर सरकार को घेरा




दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को सीवान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने सरदार पटेल चौक से जेपी चौक तक आक्रोश मार्च निकाला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और युवा शामिल हुए। उनके हाथों में कांग्रेस के झंडे और बैनर थे। प्रदर्शनकारियों ने “लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी”, “पेपर लीक की सरकार नहीं चलेगी” और “धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करो” जैसे नारे लगाए। जेपी चौक पर एक सभा का भी आयोजन किया गया। कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के सिवान जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने दिल्ली में छात्रों पर हुई कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि 23 दिनों से अनशन पर बैठे छात्रों से सरकार के किसी प्रतिनिधि ने बात नहीं की, और जब छात्र शांतिपूर्ण ढंग से संसद की ओर मार्च कर रहे थे, तो उन पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग किया गया। सुशील कुमार ने दावा किया कि इस कार्रवाई में बिहार के कई छात्र भी घायल हुए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि छात्रों की यह आवाज अब एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले चुकी है। पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की
किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह ने देश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव ने बिहार में भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक होने का जिक्र किया। उन्होंने राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसमें वैचारिक हस्तक्षेप किया जा रहा है, जिसे तुरंत रोका जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस इस मुद्दे पर व्यापक जन आंदोलन चलाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *