![]()
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को पश्चिम चंपारण जिले के बाढ़ प्रभावित बैरिया, नौतन और योगापट्टी प्रखंड का दौरा करेंगे। वे बाढ़ पीड़ितों से सीधे बात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक में राहत और बचाव कामों की समीक्षा करेंगे। यह दौरा लौरिया के भाजपा विधायक विनय बिहारी के अनुरोध पर हो रहा है। विधायक ने मंगलवार को बाढ़ पीड़ितों को पूरी मदद न मिलने का आरोप लगाकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया था। उन्होंने सरकार से बाढ़ प्रभावित लोगों तक जल्द मदद पहुंचाने की मांग की थी। विधायक को CM ने दौरे का दिया था आश्वासन विधायक विनय बिहारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें बैरिया आने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री टूटे बांधों का निरीक्षण करेंगे, बाढ़ की स्थिति देखेंगे और अधिकारियों को राहत, बचाव और मरम्मत के लिए निर्देश देंगे। जिला प्रशासन ने दौरे की तैयारी शुरू कर दी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे भ्रमण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार CM सुबह 10:25 बजे सड़क मार्ग से पटना स्थित लोक सेवक आवास से स्टेट हैंगर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से बथना स्थित PHED श्री राम कृत+2 उच्च विद्यालय परिसर में बने नवनिर्मित हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे। वहीं 11:50 बजे वो बैरिया पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से मच्छरगांवा होते हुए बनकटवा जाएंगे। दोपहर 12:05 बजे बनकटवा पहुंचकर एसडीआरएफ की नाव से शिवराजपुर समेत अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। इसके बाद वे मच्छरगांवा होते हुए बथना स्थित उच्च विद्यालय परिसर में संचालित बाढ़ आश्रय स्थल पहुंचेंगे। दोपहर 12:30 बजे सीएम बाढ़ आश्रय केंद्र का निरीक्षण करेंगे और बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे। इस दौरान प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। इसके बाद वो पटना के लिए प्रस्थान करेंगे। पटना पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री लोक सेवक आवास जाएंगे। शाम चार बजे वे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में मंत्रिपरिषद की बैठक में शामिल होंगे। मौके से आई तस्वीरें….. रात करीब 2 बजे चंपारण तटबंध टूट गया पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया प्रखंड में सोमवार की रात 2 बजे चंपारण तटबंध टूट गया। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से यह हादसा हुआ। तटबंध टूटने के बाद पानी तेजी से निचले इलाकों में फैल रहा है। इससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। फुलियाखांड़ पंचायत के वार्ड संख्या पांच के पास तटबंध में पहले से रिसाव हो रहा था। रात में पानी का दबाव बढ़ने से टूट गया। ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग को सूचना दी, लेकिन टीम के पहुंचने तक तटबंध का बड़ा हिस्सा ढह चुका था। तेज बहाव के कारण मरम्मत का काम शीघ्र शुरू नहीं हो पाया। समय पर मरम्मत नहीं होने से तटबंध टूटा तटबंध टूटने से फुलियाखांड़, श्यामपुर और शिवराजपुर समेत दर्जनों गांवों में चिंता बढ़ गई है। पानी खेतों और निचले इलाकों में तेजी से फैल रहा है। इससे लोगों को आने-जाने, जानवरों को सुरक्षित जगह ले जाने और जरूरी सामान बचाने की चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
Source link
BJP-MLA के अनुरोध पर पश्चिम चंपारण का दौरा करेंगे CM:पीड़ितों से सीधे बात कर समस्याएं सुनेंगे, चंपारण तटबंध का करेंगे निरीक्षण
