![]()
शिवहर में बुधवार को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण दिन रहा। पिपराही प्रखंड के मीनापुर बलहा पंचायत स्थित शीतलपुर विद्यालय, डुमरी कटसरी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय फुलकाहा और पूरनहिया प्रखंड के उच्च विद्यालय बराही जगदीश में डिग्री कॉलेजों में विधिवत पठन-पाठन शुरू हो गया है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों, विशेषकर छात्राओं को अब अपने ही प्रखंड में स्नातक स्तर की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से वर्चुअल माध्यम से राज्यभर में 211 नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया। उन्होंने इस कदम को बिहार की उच्च शिक्षा व्यवस्था में एक नई क्रांति बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब छात्रों को स्नातक की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। शिवहर में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सह मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, सांसद लवली आनंद, जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव, ओएसडी प्रेम सागर मिश्रा और प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिग्री कॉलेज खुलने से विशेष रूप से बेटियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्हें अब पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने इसे बिहार के शिक्षा इतिहास का एक महत्वपूर्ण कदम बताया। सांसद लवली आनंद ने बिहार सरकार की इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रत्येक प्रखंड के छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर जदयू के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, आरएलजेपी जिलाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय, जदयू जिलाध्यक्ष कमलेश पांडेय, युवा जदयू जिलाध्यक्ष हेमंत कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, डॉ. राम बहादुर गुप्ता, अशोक चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
Source link
शिवहर में 3 डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू:मंत्री, सांसद और डीएम ने किया शुभारंभ, बोले- छात्रों को मिलेगा लाभ
