Headlines

हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने लॉन्च किया 10KG का नव्या एचपी सिलेंडर:90 मिनट में होगी डिलीवरी; ब्लास्ट प्रूफ, पारदर्शी बॉडी है खासियत, मिनटों में मिलेगा कनेक्शन




हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने पूर्णिया क्षेत्र में अपने ग्राहकों के लिए 10 किलो का नया एचपी नव्या एलपीजी सिलेंडर लॉन्च किया है। यह सिलेंडर आधुनिक तकनीक और बेहतर सुरक्षा मानकों से लैस है। इस नए स्मार्ट और फाइबर-बॉडी सिलेंडर को एचपीसीएल पूर्णिया के रीजनल मैनेजर श्री कृष्णा, सहायक प्रबंधक (सेल्स) सूरज शुक्ला और एचपी गैस एजेंसी के प्रोपराइटर मंजेश ने मिलकर पेश किया। इस सिलेंडर की मुख्य खासियत इसकी तेज होम डिलीवरी, एडवांस ब्लास्ट प्रूफ सुरक्षा और पारदर्शी बॉडी है। कंपनी का दावा है कि इसकी डिलीवरी 90 मिनट में हो जाएगी। 90 मिनट में होम डिलीवरी की सुविधा लॉन्चिंग के अवसर पर जानकारी देते हुए एचपीसीएल के रीजनल मैनेजर श्री कृष्णा ने बताया कि ग्राहक एचपी पे ऐप के माध्यम से आसानी से इसे बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग कन्फर्म होने के मात्र 90 मिनट के भीतर कंपनी की ओर से सिलेंडर ग्राहक के घर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई गई है। आसान और त्वरित कनेक्शन प्रक्रिया कंपनी के सहायक प्रबंधक सूरज शुक्ला ने बताया कि घरेलू 14.2 किलो के सिलेंडर कनेक्शन के विपरीत नव्या सिलेंडर के लिए जटिल कागजी प्रक्रियाओं या आधार-आधारित सीमाओं की बाध्यता नहीं है। ग्राहक केवल अपना ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या अन्य कोई भी मान्य पहचान पत्र जमा करके तुरंत नया कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। जो लोग अक्सर शहर बदलते हैं या एक स्थान से दूसरे स्थान पर रहते हैं, उनके लिए यह प्रक्रिया बेहद सरल और सुविधाजनक बनाई गई है। ब्लास्ट प्रूफ और जंग-रहित फाइबर बॉडी जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से नव्या एचपी सिलेंडर को अत्याधुनिक कंपोजिट फाइबर बॉडी से तैयार किया गया है । किसी भी दुर्घटना या आग लगने की स्थिति में यह सिलेंडर ब्लास्ट नहीं होगा, जिससे जन-धन की हानि का खतरा समाप्त हो जाता है। इतना ही नहीं फाइबर बॉडी होने के कारण इसमें जंग लगने की कोई संभावना नहीं रहती, जिससे घरों के फर्श पर दाग-धब्बे नहीं पड़ते और रसोई साफ-सुथरी रहती है। सिलेंडर का खाली वजन केवल 6.5 किलोग्राम है और गैस सहित कुल वजन 16 किलोग्राम होता है। पारंपरिक लोहे के भारी सिलेंडरों की तुलना में इसे उठाना और स्थानांतरित करना महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी बेहद आसान है। पारदर्शी बॉडी से गैस लेवल देखना आसान सहायक प्रबंधक सूरज शुक्ला ने बताया कि इस सिलेंडर में ट्रांसल्यूसेंट तकनीक का उपयोग किया गया है। इससे ग्राहक सिलेंडर के बाहर से ही गैस के स्तर को स्पष्ट देख सकते हैं। इससे अचानक गैस समाप्त होने की समस्या से राहत मिलेगी और समय रहते री-बुकिंग की जा सकेगी। कंपनी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि 10 किलो का एचपी नव्या सिलेंडर गैर-सब्सिडी श्रेणी के अंतर्गत आता है। इस पर सरकारी सब्सिडी लागू नहीं होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *