![]()
समस्तीपुर के घटहो- सरायरंजन मुख मार्ग पर घटहो थाना क्षेत्र के खजुरी चौक के पास पिकअप और बाइक के बीच हुई टक्कर में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान रामजानकी मेडिकल कॉलेज नरघोगी सरायरंजन के सुरक्षा गार्ड 45 साल के बबलू कुमार राय, जबकि घायल की पहचान उनके साथी संजय कुमार के रूप में की गई है। संजय का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मृतक सुरक्षा गार्ड थाना क्षेत्र के सोठगामा खेदरपुर गांव निवासी महेंद्र राय के बेटे थे। एक साल से मेडिकल कॉलेज में सुरक्षाकर्मी था मृतक घटना के संबंध में मृतक सुरक्षा गार्ड के चाचा प्रणव राय ने बतलाया कि उनका भतीजा बबलू कुमार राय पिछले एक वर्ष से सरायरंजन के नरघोगी गांव स्थित राम जानकी मेडिकल कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। वे सुबह करीब 7 बजे अपने घर से मोटरसाइकिल गांव के ही संजय कुमार के साथ मेडिकल कॉलेज ड्यूटी पर जा रहा था। सुबह 8 बजे की पाली में उनकी ड्यूटी शुरू होने थी। बबलू कुमार राय बाइक से जैसे ही खजुरी चौक के पास पहुंचा, दलसिंहसराय की ओर से आ रही एक पिकअप ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। प्रणव राय ने बताया कि बबलू तीन बेटियों और एक बेटे का पिता था। घर चलाने की जिम्मेदारी उसी पर थी। उन्होंने बताया कि बबलू का बेटा ग्रेजुएशन का छात्र है, जबकि तीनों बेटियों की अभी शादी होनी बाकी है। उधर, इस घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस पदाधिकारी ने क्या कहा घटहो थाना अध्यक्ष रजनीश रंजन ने बताया कि बाइक और पिकअप के बीच हुई टक्कर में सुरक्षा गार्ड की मौत हुई है। शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
Source link
समस्तीपुर- रामजानकी मेडिकल कॉलेज के गार्ड की हादसे में मौत:घटहो-सरायरंजन सड़क पर तेज रफ्तार पिकअप ने कुचला; घटनास्थल पर तोड़ा दम, साथी गंभीर
