![]()
दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के लहेरियासराय बस स्टैंड रोड में डिवाइडर है। जो रात के अंधेरे में दिखाई नहीं देता है। किसी तरह का रिफ्लेक्टर भी नहीं लगा होता है। इस कारण हादसे होते हैं। 2 दिन पहले मधुबनी पुलिस की गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई थी। स्थानीय दिलीप कुमार मंडल, मो. सगीर, संतोष साहू और नीलम देवी ने बताया कि दरभंगा शहर में कई जगह सड़क को दो हिस्सों में बांटने के लिए डिवाइडर बनाए गए हैं, लेकिन अधिकांश डिवाइडरों पर रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए हैं। कई जगह डिवाइडर छोटे हैं, जिससे रात में बाहर से आने वाले वाहन चालकों को इनका अंदाजा नहीं लग पाता।
लोगों का कहना है कि आए दिन बाइक, स्कूटी और चारपहिया वाहन डिवाइडर से टकराते या उस पर चढ़ जाते हैं। इससे कई लोग घायल हो चुके हैं। 3 दिन पहले एक कार भी डिवाइडर पर चढ़ गई थी
स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार रात करीब एक बजे मधेपुरा से दरभंगा आ रही एक चारपहिया गाड़ी भी डिवाइडर पर चढ़ गई। वाहन में सवार लोग श्राद्ध में शामिल होने के लिए दरभंगा आ रहे थे। चालक संदीप कुमार ने बताया कि रात में तेज बारिश हो रही थी और सड़क पर दृश्यता कम थी। उन्हें सड़क सीधी और पर्याप्त चौड़ी दिखाई दी, लेकिन अचानक डिवाइडर आ गया और वाहन उस पर चढ़ गया। संदीप कुमार ने कहा कि रात के एक बजे वाहन को डिवाइडर से नीचे उतारने के लिए किसी को बुलाना भी मुश्किल था। टैक्स देते हैं पर सुविधा नहीं मिलती संदीप ने कहा कि वाहन क्षतिग्रस्त होने से लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने इसे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन की लापरवाही बताते हुए कहा कि सड़क पर डिवाइडर जरूरी है, लेकिन उसे मानकों के अनुरूप बनाया जाना चाहिए और उस पर रिफ्लेक्टर लगाए जाने चाहिए।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से शहर के सभी डिवाइडरों का निरीक्षण कराने, उन पर रिफ्लेक्टर और पर्याप्त संकेतक लगाने और रात में उनकी स्पष्ट दृश्यता सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि वाहन चालक रोड टैक्स, इंश्योरेंस और टोल टैक्स देते हैं, ऐसे में सड़कों की सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होना जरूरी है।
Source link
रिफ्लेक्टर नहीं, रात में जानलेवा बन रहे डिवाइडर:2 दिन पहले मधुबनी पुलिस की गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ था, लोगों को हादसे का रहता डर
