Headlines

औरंगाबाद में सांप के डसने से 2 महिलाओं की मौत:परिजन ने झाड़-फूंक में गंवाया समय; अस्पताल पहुंचने तक बिगड़ गई स्थिति




औरंगाबाद में 2 अलग-अलग जगह सांप के डसने से 2 महिलाओं की मौत हुई है। पहली घटना माली थाना क्षेत्र के जयहिंद तेंदुआ पंचायत अंतर्गत चनौती गांव की है। यहां बुधवार को घर की साफ-सफाई के दौरान 65 वर्षीय पार्वती देवी को विषैले सांप ने डस लिया। मृतका स्वर्गीय बलकेश्वर सिंह की पत्नी थी। सांप के डसने के बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराने का फैसला किया। इस दौरान काफी समय गुजर गया और महिला की हालत गंभीर हो गई। बाद में परिजन उन्हें इलाज के लिए नवीनगर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन तब तक जहर का असर काफी बढ़ चुका था। इलाज के दौरान पार्वती देवी ने दम तोड़ दिया। मायके में बेड पर सो रही महिला को सांप ने डसा दूसरी घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हेतमपुर गांव की है। यहां मायके में रह रही 42 वर्षीय सुगीया देवी को मंगलवार की रात बेड पर सोने के दौरान विषैले सांप ने डस लिया। सुगीया देवी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विषैनी गांव निवासी कारू पासवान की पत्नी थी। परिजन के अनुसार, वह करीब 4 दिन पहले अपने मायके हेतमपुर गांव आई थी। मंगलवार रात वह घर में सो रही थी। इसी दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के डसने के बाद परिजनों ने तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पहले तांत्रिक के पास झाड़-फूंक कराई। इस प्रक्रिया में रात गुजर गई। सुबह महिला की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उन्हें इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतका के दो बेटे हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *