Headlines

Punjab Chandigarh News | ED Corruption Claim & Bike Accident Update


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर ED से जुड़ी रही। ED ने दावा किया के CM ऑफिस में करप्शन हुआ। इसके बाद मंत्री अमन अरोड़ा ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. ED का CM ऑफिस में करप्शन का दावा

पंजाब में मुख्यमंत्री कार्यालय में करप्शन के दावे से जुड़ी ED की चिट्ठी के बाद सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने ED की ओर से साझा किए गए दस्तावेजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एजेंसी जिन चैट, स्क्रीनशॉट और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड के आधार पर आरोप लगा रही है, वो पढ़ने लायक तक नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि सभी डॉक्यूमेंट धुंधले हैं। एजेंसी जो भी दावे कर रही है, उनकी पूरी और स्पष्ट कॉपी उपलब्ध कराए। इस बीच पंजाब पुलिस ने ED को दूसरी बार रिमाइंडर भेजकर पूरी फाइल और दस्तावेज मांगे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

2. हेड टीचर की क्लासरूम में अचानक मौत

लुधियाना के सरकारी प्राइमरी स्कूल में हेड टीचर की क्लासरूम में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। वह हर रोज की तरह बच्चों की क्लास में राउंड पर थे। प्री-प्राइमरी क्लास में पहुंचकर बच्चों और टीचर से बातचीत के दौरान अचानक उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की।

क्लास में मौजूद एक टीचर ने पानी दिया, लेकिन गिलास पकड़ते ही हेड टीचर मुंह के बल जमीन पर गिर पड़े। साथी टीचर्स दौड़कर आए और उन्हें संभालने की कोशिश की और CPR भी दी। इसके बाद टीचर्स उन्हें मोहल्ला क्लिनिक में ले गए। यहां एंबुलेंस बुलाई और उन्हें डीएमसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

3. बाप ने बेटी की हत्या कर शव गड्‌ढे में दफनाया

अमृतसर में पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के पास गड्ढा खोदकर दफना दिया। बेटी ने मां को फोन पर पिता के गड्‌ढा खोदने की बात बताई थी। इसके बाद मां का बेटी से संपर्क नहीं हो सका।

शक होने पर मां ने बुधवार को पुलिस बुलाई। जब पुलिस ने JCB से खुदवाई करवाई तो युवती का शव मिला। युवती की पहचान नवनीत कौर (19) के रूप में हुई है। मां ने बताया कि एक बेटी ने करीब आठ महीने पहले भागकर शादी कर ली थी। इसके बाद से पति को अपनी दूसरी बेटी पर भी शक था कि उसका भी किसी के साथ रिलेशन है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. AAP सरकार DA मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंची

पंजाब सरकार ने मुलाजिमों को DA जारी करने के लिए हाथ खड़े कर दिए हैं। सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की डबल बैंच के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने के लिए स्पेशल लीव पिटीशन फाइल कर दी है।

सरकार ने अपनी पिटीशन में साफ कह दिया कि मुलाजिमों को 15 दिन में 14191 करोड़ रुपए की राशि देना संभव ही नहीं है। यही नहीं, सरकार ने अपनी पिटीशन में केंद्र सरकार और पंजाब सरकार के मुलाजिमों के वेतन के आंकड़ें भी दिए हैं। पंजाब सरकार की दलील है कि वो केंद्र सरकार से ज्यादा वेतन अपने मुलाजिमों को दे रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. नहर में दरार, तेज बहाव में बहे बाइक सवार

चमकौर साहिब में नहर में बड़ी दरार पड़ गई। इससे मुख्य सड़क टूट गई और आवाजाही ठप हो गई। दो बाइक सवार तेज बहाव की चपेट में आ गए। लोगों ने दोनों को बचा लिया। हालांकि दोनों घायल हो गए। इसके साथ लुधियाना, जालंधर और पठानकोट में भी बारिश हुई।

पंजाब के 14 जिलों में आज बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. AAP विधायक बेटे का SDO को फोन-बिजली कुंडी न फड़ीं

बठिंडा से AAP विधायक के बेटे का पावरकॉम के SDO (सब-डिविजनल ऑफिसर) को फोन कर ऑर्डर देने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में विधायक मास्टर जगसीर सिंह के बेटे हरसिमरन सिंह अधिकारी से एक गांव में अवैध बिजली कनेक्शन पर कार्रवाई न करने और एक मोटर को न हटाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।

बातचीत के दौरान वह अधिकारी से यहां तक कहते हैं कि वह गांव में कुंडी को छू भी नहीं सकते। विधायक के बेटे ने कहा कि हमने कनेक्शन लगाने की बात की थी। सरकार ने पहले ही बिजली फ्री कर रखी है हम चोरी क्यों कराएंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

7. बिना तलाक दूसरी शादी की, पहले पति ने हत्या की

मोहाली के जीरकपुर में मंगलवार को हुए पूनम हत्याकांड में खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि पूनम ने करीब चार साल पहले एक व्यक्ति से दूसरी शादी की थी और दोनों साथ रह रहे थे। हालांकि, उसका पहला पति से तलाक नहीं हुआ था और वह चाहता था कि पूनम उसके साथ ही रहे।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। मंगलवार को पहला पति अपने साले को लेकर पूनम को ले जाने के लिए उसके घर पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच बहस हो गई। इसके बाद पहले पति ने चाकू से करीब 4 वार कर हत्या कर दी। (पढ़ें पूरी खबर)

8. राजोआणा को आंखों के ऑपरेशन की अनुमति मिली

पटियाला सेंट्रल जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के दोषी बलवंत सिंह राजोआणा को आंखों के ऑपरेशन के लिए हाईकोर्ट ने अनुमति दे दी है। कोर्ट ने कहा कि वह पीजीआई चंडीगढ़ में दोनों आंखों का ऑपरेशन करवा सकते हैं। राजोआणा ने बुधवार को ही इसकी याचिका हाईकोर्ट में लगाई थी।

राजोआणा ने हाईकोर्ट से पटियाला के डॉ. आरएस रंधावा आई अस्पताल में दोनों आंखों का ऑपरेशन कराने की अनुमति मांगी थी। याचिका में कहा था कि वह ऑपरेशन का पूरा खर्च खुद उठाने के लिए तैयार है। दोनों आंखों में मोतियाबिंद की समस्या है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. कनाडा में 1500 स्टूडेंट्स ठगे, जालंधर से तार जुड़े

कनाडा के कैलगरी स्थित पोर्टेज कॉलेज पर 1500 पंजाबी स्टूडेंट्स से ठगी का आरोप लगा है। इस नेटवर्क के तार अब जालंधर के इमिग्रेशन एजेंट से जुड़ने के बाद विवाद और बढ़ गया है। कॉलेज के मालिक अब छात्रों और उनके परिजनों को नहीं मिल रहे हैं। इससे परेशान छात्रों और उनके परिजनों ने सोमवार को बस स्टैंड के पास पिरामिड ई-सर्विस के दफ्तर में हंगामा किया।

इसी बीच गुरदासपुर से जालंधर पहुंची महिला ने अपनी बेटी की पूरी कहानी बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 2 साल पहले पिरामिड ई-सर्विस के एजेंट के जरिए उनकी बेटी का कनाडा का स्टडी वीजा लगवाया गया और कैलगरी के पोर्टेज कॉलेज में एडमिशन कराया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. 12 तोले सोना चोरी, परिवार बोला- पुलिस ने नकली दिया

संगरूर के दिड़बा में घर से 12 तोले सोना और 95 हजार रुपए चोरी होने का मामला अब विवाद में घिर गया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें चोरी हुए असली सोने की जगह नकली सोना दिया। इसे लेकर भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां भड़क गई।

यूनियन ने पीड़ित परिवार के साथ दिड़बा थाने के बाहर धरना दिया। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने एक आरोपी को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उसकी निशानदेही और बयान के बावजूद उसके पिता को गिरफ्तार नहीं किया। आरोपी का पिता अभी भी गांव में रह रहा है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच पूरी करने के लिए 10 दिन का समय मांगा है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    OpenBuk Bharat (ओपनबुक भारत) आपका भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है। हम राष्ट्रीय, प्रादेशिक (बिहार), वाणिज्य, और मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर निष्पक्षता और सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।