Headlines

राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए नहीं मिलेगा स्टेडियम:इंदौर निगम ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया; यहीं विधायक पुत्र कर चुका यूथ वॉक




कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को बढ़ा दिया गया है। हालांकि, कांग्रेस इसे 8 सितंबर से 12 सितंबर तक नेहरू स्टेडियम में आयोजित करना चाहती थी। लेकिन नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने इसकी परमिशन नहीं दी। सिंघल ने कांग्रेसियों के आवेदन पर कहा- नेहरू स्टेडियम का इस्तेमाल खेल गतिविधियों, गणतंत्र और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के लिए ही किया जाता है। इसके इस्तेमाल को लेकर हाईकोर्ट का आदेश है। सिंघल ने कहा- छात्रों की गूंज जैसे कार्यक्रम के मामले में निगम के क्या नियम-संविधान हैं और कोर्ट का क्या आदेश है, अध्ययन करने के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा। कोर्ट का नाम लिया, आदेश के बारे में नहीं दी जानकारी उधर, हाईकोर्ट के जिस आदेश का हवाला दिया गया, उसके बारे में कोई भी जानकारी निगम की तरफ से नहीं दी गई है। खास बात यह है कि जिस स्टेडियम में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई है, उसी स्टेडियम में 8 फरवरी 2026 को भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला का नशे के खिलाफ यूथ वॉक 2026 हो चुका है। बता दें कि नेहरू स्टेडियम में दर्शकों के बैठने की क्षमता करीब 50 हजार है। कमिश्नर बोले- पहले कौन से आयोजन हुए, जानकारी नहीं इस बारे में सवाल करने पर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने दैनिक भास्कर से कहा- पहले स्टेडियम में कौन से आयोजन हुए हैं, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। हमने न तो अभी परमिशन दी है और न ही रिजेक्ट की है। उन्होंने कहा- हाईकोर्ट के आदेश के तहत स्टेडियम खेल गतिविधियों और राज्यस्तरीय सरकारी कार्यक्रम के लिए है। इसके पहले भी परमिशन को लेकर ऐसे मामले हुए हैं, उनका अध्ययन करने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। महापौर ने कहा- हाईकोर्ट से परमिशन ले सकती है कांग्रेस वहीं, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा- लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है। लेकिन हाईकोर्ट के आदेश के कारण नगर निगम परमिशन नहीं दे सकता है। कांग्रेस नेहरू स्टेडियम में ही कार्यक्रम करना चाहती है, तो वह हाईकोर्ट में याचिका लगाकर विशेष परमिशन ले सकती है। भार्गव ने कहा- छात्रों की गूंज देशभर में झूठ की गूंज बनकर उभर रही है। कांग्रेस इंदौर में भी कार्यक्रम करना चाहती है तो वह स्वतंत्र है। कांग्रेस ने कहा- निगम का चेहरा सामने आया उधर, कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने कहा- जिस नेहरू स्टेडियम में ‘छात्रों की गूंज’ इंदौर नगर निगम परमिशन नहीं दे रहा है, उसी में भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला का नशे के खिलाफ यूथ वॉक 2026 जैसा बड़ा आयोजन हो चुका है। नायक ने कहा- नेहरू स्टेडियम विधायक के बेटे को कार्यक्रम के लिए दिया जा सकता है, लेकिन लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता, जो संवैधानिक पद पर हैं, उनको नहीं दिया जा सकता। भेदभाव भरे इस फैसले ने इंदौर नगर निगम का चेहरा सामने ला दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *