बेतिया में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला पदाधिकारी तरणजोत सिंह और वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने शहर के संत घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया।
.
अधिकारियों ने घाट पर CCTV कैमरे लगाने, कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स तैनात करने का निर्देश दिया।
साथ ही भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने घाट की साफ-सफाई, रोशनी, आने-जाने के रास्तों और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि अर्घ्य देने आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया।

CCTV और कंट्रोल रूम से निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने घाट परिसर और आसपास CCTV कैमरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखने और पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स की तैनाती करने को कहा। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए श्रद्धालुओं तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने का भी निर्देश दिया गया।
भीड़ और यातायात प्रबंधन पर जोर
अधिकारियों ने पार्किंग और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की। घाट के आसपास वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश पर रोक लगाने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए बेहतर ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा गया।
भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने का निर्देश दिया गया।

अस्थायी संरचनाओं की होगी जांच
डीएम ने घाट पर बनी अस्थायी और स्थायी संरचनाओं की मजबूती और सुरक्षा की जांच कराने को कहा, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में सभी काम पूरे करने का निर्देश दिया।
लापरवाही पर प्रशासन की सख्त हिदायत
डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश और यातायात व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से पर्व संपन्न कराने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
