Headlines

बेगूसराय में पड़ोसी ने महिला पर फेंका एसिड:बाईं आंख बुरी तरह झुलसी, वारदात के बाद आरोपी फरार; पटना रेफर




बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र के गोढ़ियारी मोहल्ले में आपसी विवाद में एक युवक ने पड़ोसी महिला पर शौचालय साफ करने वाला तेजाब फेंक दिया। हमले में महिला की बाईं आंख बुरी तरह झुलस गई है। डॉक्टरों ने आंख को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका जताई है। चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी तेजाब के छींटे पड़े हैं। गंभीर हालत में महिला को बेगूसराय सदर अस्पताल से पटना रेफर किया गया है। घायल महिला की पहचान बखरी नगर परिषद के वार्ड-27 निवासी दूरो देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले भुट्टु सहनी के बेटे प्रिंस कुमार उर्फ लोला ने उन पर तेजाब फेंका। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। आपसी विवाद में हमला करने का आरोप स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने महिला पर तेजाब फेंक दिया। अचानक हुए हमले में महिला को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना के बाद मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और महिला को इलाज के लिए बखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। बखरी से सदर अस्पताल, फिर पटना रेफर बखरी पीएचसी में प्राथमिक उपचार के दौरान महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया। वहां भी आंख में गंभीर चोट और बेहतर इलाज की जरूरत को देखते हुए डॉक्टरों ने महिला को पटना भेज दिया। फिलहाल परिजन उसे लेकर पटना के अस्पताल के लिए रवाना हो गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी घटना के बाद गोढ़ियारी मोहल्ले के लोगों में आक्रोश है। सूचना मिलने पर बखरी थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष के अनुसार, पीड़ित परिवार के बयान और आवेदन के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी प्रिंस कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *