पटना2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

पटना यातायात पुलिस की ओर से लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा-2026 को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए 15 नवंबर की दोपहर से शाम और 16 नवंबर की अहले सुबह तक शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।
शहर के अलग-अलग इलाकों में ट्रैफिक कंट्रोल के लिए 1400 पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। इस दौरान कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा, जबकि कई रास्तों पर डायवर्जन लागू होगा। जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

त्योहार पर अलर्ट मोड में ट्रैफिक पुलिस।
16 नवंबर सुबह 8 बजे तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
यातायात व्यवस्था के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 8 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेगा।
हालांकि, यातायात सामान्य होने के अनुसार समय में बदलाव हो सकता है। अग्निशमन, एंबुलेंस, मरीज और शव वाहन तथा छठव्रतियों के वाहनों को निर्धारित नियमों के तहत छूट दी गई है।

यातायात पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान।
अशोक राजपथ पर वाहनों की नो एंट्री
कारगिल चौक से पूरब दीदारगंज तक सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। अशोक राजपथ के सभी प्रवेश मार्ग बंद रहेंगे। हालांकि, खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में पार्किंग के लिए छठव्रतियों के वाहन जा सकेंगे।
कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर तक छठव्रतियों के वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। वहीं, 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 6:30 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 3 बजे से 6 बजे तक दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की ओर उत्तर से दक्षिण दिशा में वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस दौरान वाहन रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए बेली रोड जा सकेंगे।

गायघाट पुल के नीचे व्यावसायिक वाहनों पर रोक
15 नवंबर दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक गायघाट पुल के नीचे ऑटो और अन्य व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
अगमकुआं आरओबी से आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक ही जाएंगे, जबकि धनकी मोड़ और बिस्कोमान गोलंबर की ओर से आने वाले वाहन डंका इमली चौक तक जा सकेंगे। ये वाहन पुरानी बाईपास से गांधी मैदान और अन्य जगहों की ओर जा सकेंगे।
गांधी मैदान से गायघाट और अशोक राजपथ की ओर जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को एग्जीबिशन रोड, राजेंद्रनगर पुल, बहादुरपुर गुमटी और बाईपास होते हुए अगमकुआं की ओर भेजा जाएगा। इस दौरान सुदर्शन पथ पर व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
बाईपास थाना मोड़ से चौक शिकारपुर आरओबी में व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दीदारगंज से अशोक राजपथ में तीन पहिया समेत सभी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

रामजीचक आरओबी और अटल पथ पर भी बदलाव
रामजीचक आरओबी के ऊपर से केवल छठव्रतियों के वाहनों को जेपी सेतु की ओर जाने की अनुमति होगी। इन वाहनों की पार्किंग आरओबी के ऊपर जेपी सेतु की ओर निर्धारित जगह पर होगी। रूपसपुर नहर रोड से जेपी सेतु जाने वाले सामान्य वाहन आरओबी के ऊपर नहीं चढ़ेंगे, बल्कि नीचे से जाएंगे।
दीघा और रामजीचक की ओर से अशोक राजपथ होकर जेपी सेतु आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को पाटलिपथ के उत्तरी छोर के पास यू-टर्न कराकर पाटलिपथ के ऊपर पार्क कराया जाएगा।
अटल पथ पर 15 नवंबर सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक और 16 नवंबर सुबह 2 बजे से 9 बजे तक सामान्य वाहनों का जेपी सेतु और सोनपुर की ओर परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने वाले आकस्मिक वाहनों के लिए अशोक राजपथ और रूपसपुर नहर रोड होते हुए रामजीचक आरओबी के नीचे से जेपी सेतु जाने का रास्ता उपलब्ध रहेगा।

अशोक राजपथ से सीधे गांधी मैदान जाने की परमिशन नहीं
जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों फ्लैंक में वाहनों का परिचालन और पार्किंग पूरी तरह बंद रहेगी। दीघा आने वाले वाहनों की निकासी एलसीटी अंडरपास से कराई जाएगी। कोई भी वाहन दीघा गोलंबर घूमकर यू-टर्न नहीं ले सकेगा।
गायघाट से यदि कोई सामान्य वाहन अशोक राजपथ पर पहुंचता है, तो उसे गांधी चौक से बारी पथ की ओर मोड़ दिया जाएगा। उसे अशोक राजपथ से सीधे गांधी मैदान जाने की अनुमति नहीं होगी।

निर्माण कार्य और मालवाहक वाहनों पर भी प्रतिबंध
पटना जिले में बड़ी मालवाहक गाड़ियों का प्रवेश 15 नवंबर सुबह 10 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक बंद रहेगा। वहीं, निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों का परिचालन 15 नवंबर सुबह 10 बजे से 16 नवंबर दोपहर 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं से यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही कतारबद्ध तरीके से खड़े करें। सड़क या रास्ते में वाहन पार्क नहीं करें। वाहन चालक अपने मोबाइल नंबर की पर्ची गाड़ी के आगे वाले शीशे पर चिपकाकर रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क किया जा सके।
घाट से वाहन निकालते समय तैनात पुलिस पदाधिकारी और मजिस्ट्रेट की अनुमति का पालन करना होगा। घाट से वाहन निकलने के दौरान दूसरे वाहनों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एंबुलेंस, अग्निशमन और मरीजों के वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी।
नोट: यह यातायात व्यवस्था 15 नवंबर दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे और 16 नवंबर सुबह 2 बजे से 8 बजे तक के मुख्य प्रतिबंध समय के अनुसार है। कुछ मार्गों पर अलग से दिए गए समय लागू होंगे। इसलिए घर से निकलने से पहले अपने घाट और रास्ते की पार्किंग व्यवस्था जरूर देख लें।

