![]()
समस्तीपुर शहर के मगध दही मोहल्ला स्थित पीएनटी कॉलोनी के पास बुधवार देर शाम एक 20 वर्षीय युवक बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर निवासी दवा दुकानदार अनिमेष कुमार के पुत्र आकाशदीप कुमार के रूप में हुई है। वह स्नातक पार्ट-वन का छात्र था। वहीं, मृतक के पिता और चाचा ने मारपीट कर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक के चाचा बोले- छठ की खरीदारी के लिए बाजार गया था मृतक के चाचा मनीष कुमार राय ने बताया कि आकाशदीप बुधवार को छठ महापर्व की तैयारी के लिए खरीदारी करने समस्तीपुर बाजार आया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान समस्तीपुर में उसके साथ पढ़ने वाली एक छात्रा ने वीडियो भेजकर सूचना दी कि आकाशदीप पीएनटी कॉलोनी के पास बेहोशी की हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि आकाशदीप के शरीर पर कई जगह जख्म के निशान थे और नाक से खून निकल रहा था। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता बोले- किसी से दुश्मनी नहीं, बेटे की बेरहमी से हत्या की गई मृतक के पिता अनिमेष कुमार ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि किसने उनके बेटे के साथ इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की बेरहमी से हत्या कर शव को पीएनटी कॉलोनी के पास फेंक दिया गया। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण नगर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि मामला नशे या किसी पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है। परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों सहित सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
Source link
समस्तीपुर- छठ की खरीदारी करने निकले युवक की मौत:सड़क किनारे बेहोश मिला था, अस्पताल में तोड़ा दम; पिता ने मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया
