![]()
बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान की एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर विवाद हो गया है। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने भोपाल कोर्ट के जरिए अपने वकील जफर के माध्यम से करीना को लीगल नोटिस भेजा है। दैनिक भास्कर से बातचीत में अब्बास हफीज ने बताया कि करीना ने इंस्टाग्राम पोस्ट में जो गहने पहने हैं, उनमें एक पेंडेंट और कलगी शामिल है। ये दोनों भोपाल रियासत और राजपरिवार की विरासत का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें करीना के कलगी या लिबास पहनने पर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन उन्होंने जिस पेंडेंट को पहना है, वह करीब 400 साल पुराना है। इस पर कुरान की आयतें लिखी हुई हैं। अब्बास के मुताबिक, यह पेंडेंट भोपाल की बेगमों शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने अपनी आस्था और इबादत के लिए बनवाया था। इसे फैशन या दिखावे के लिए नहीं बनाया गया था। करीना कपूर से पोस्ट हटाने और माफी मांगने की मांग अब्बास हफीज ने कहा कि मुस्लिम समुदाय में कुरान की आयतों का बहुत सम्मान किया जाता है। लोग बिना वजू किए इन्हें छूने से भी बचते हैं। उन्होंने कहा कि इस्लामिक धर्मगुरु भी कुरान की आयतों को गहनों के रूप में इस्तेमाल करने के खिलाफ रहे हैं। ऐसे में आस्था से जुड़ी चीज को इस तरह पहनकर दिखाना गलत है। इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कानूनी नोटिस के जरिए करीना कपूर से विवादित पोस्ट हटाने, माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की मांग की है। अब्बास हफीज ने कहा कि उन्होंने यह कदम किसी राजनीतिक दल या पद के लिए नहीं, बल्कि अपनी व्यक्तिगत और मुस्लिम समुदाय की आस्था के कारण उठाया है। अगर करीना पोस्ट नहीं हटाती हैं और माफी नहीं मांगती हैं, तो वे वकील से सलाह लेकर आगे कानूनी कार्रवाई करेंगे।
Source link
करीना कपूर ने पहना भोपाल रियासत की बेगम का पेंडेंट:स्टाइलिस्ट ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए फोटोज; कांग्रेस नेता ने भेजा लीगल नोटिस
