Headlines

पुलिस टीम पर पथराव मामले में पांच लोगों पर FIR:बिहिया में फायरिंग की सूचना पर पहुंची थी टीम, छह पुलिसकर्मी घायल; तीन गिरफ्तार




बिहिया थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में दीपावली की रात पटाखा छोड़ने और फायरिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस हमले में दो पुलिस पदाधिकारी समेत छह पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहिया में कराया गया। घटना रविवार की रात करीब नौ बजे से दो बजे तक चली। मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि रविवार की रात कंट्रोल रूम से गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम जांच के लिए पकड़ी गांव पहुंची। पुलिस के अनुसार, यश कुमार ने एक ग्रामीण पर फायरिंग की थी। इसी सूचना पर पुलिस कार्रवाई करने पहुंची थी। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, जिसके बाद उसके परिजन और आसपास के लोग विरोध करने लगे। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इसमें दो पुलिस पदाधिकारी और चार जवान जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ रवि कुमार और थानाध्यक्ष विपिन बिहारी भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में यश कुमार, उसकी बहन और सरल कुमार सिंह शामिल हैं। तीनों पकड़ी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे भी बरामद किए हैं। गश्ती दल के पदाधिकारी एसआई मुकेश कुमार के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *