![]()
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड की ग्राम पंचायत भिंडुआ में देर शाम आग लगने के बाद एक सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना उस वक्त हुई, जब चाय नाश्ता की झोपड़ी में चूल्हे पर चाय बनाया जा रहा था। इसी दौरान एक चिंगारी से झोपड़ी में आ लगी। आग लगने के बाद दुकानदार कुछ समझ पाता, इससे पहले वो दुकान से बाहर आ गया। बताया जा रहा है कि दुकान के अंदर एक एलपीजी सिलेंडर रखा हुआ था, जिस बारे में दुकान को ध्यान नहीं रहा। आग लगने के करीब 15 मिनट बाद सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। अगलगी में दुकान का सारा सामान, घर में रखे कपड़े, फर्नीचर, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामग्री जलकर राख हो गई। घटना में करीब तीन लाख रुपए की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। एक घंटे की देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी जानकारी के अनुसार, पकरिया चौक पर रुपेश राय की चाय-नाश्ते की दुकान में रात करीब आठ बजे चूल्हे पर चाय बनाई जा रही थी। इसी दौरान चिंगारी से फैली आग से झोपड़ी के साथ-साथ पड़ोस में मौजूद एक खाद की दुकान भी चपेट में आ गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के पहले आ पर पाया काबू बताया जा रहा है कि सूचना के करीब एक घंटे बाद बिरौल से फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर स्थानीय लोगों ने काबू पा लिया था। स्थानीय समाजसेवी त्रिभुवन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई थी, लेकिन दमकल की गाड़ी को सूचना मिलने और मौके पर पहुंचने में देरी हुई। जब तक अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर पहुंचा, तब तक स्थानीय ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे। उन्होंने बताया कि आग काफी भयावह थी और फूस का घर होने के कारण देखते ही देखते पूरा परिसर जलकर नष्ट हो गया। अंचलाधिकारी से नुकसान का आकलन, मुआवजे की मांग की समाजसेवी त्रिभुवन कुमार ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कुशेश्वरस्थान पूर्वी के अंचल अधिकारी से शीघ्र घटनास्थल पर अधिकारी भेजकर नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की दुकान और घर दोनों आग की भेंट चढ़ गए हैं। ऐसे में परिवार के सामने रोजी-रोटी के साथ रहने और खाने-पीने का भी संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के अनुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने तथा तत्काल भोजन, पेयजल और रहने की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। साथ ही सरकार और जिला प्रशासन से मामले की जांच कर अविलंब राहत पहुंचाने की मांग की है।
Source link
दरभंगा में चिंगारी से भड़की आग, सिलेंडर हुआ ब्लास्ट:चाय बनाने के दौरान हादसा, 1 घंटे की देरी से पहुंची दमकल; 3 लाख के नुकसान की आशंका
