Headlines

Pawapuri Mahotsav 2026 | Nalanda Cultural Program & Performances


नालंदा के पावापुरी में शनिवार को तीन दिवसीय पावापुरी महोत्सव का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने किया। इससे पहले उन्होंने श्री दिगंबर जैन मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

.

मंदिर प्रबंधन की ओर से उनका स्वागत किया गया। राज्यपाल ने महोत्सव स्थल पर जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए अलग-अलग विभागों के स्टॉल का निरीक्षण भी किया।

इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जेडीयू सांसद कौशलेन्द्र कुमार समेत अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बिहार के राज्यपाल ने महोत्सव का किया उद्घाटन।

बिहार के राज्यपाल ने महोत्सव का किया उद्घाटन।

पहली बार जैन मंदिर पहुंचे राज्यपाल, बताया सौभाग्य

राज्यपाल ने जैन धर्म के दार्शनिक और व्यावहारिक महत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि करीब 2500 साल पुराने इस धर्म ने आधुनिक जीवन की जटिलताओं और समस्याओं को पहले ही समझ लिया था। आज दुनिया भौतिकवाद, अत्यधिक उपभोग और जलवायु संकट से जूझ रही है, जबकि भगवान महावीर के सिद्धांतों में इन समस्याओं का समाधान बताया गया है।

उन्होंने कहा कि बिहार आने के बाद पहली बार पावापुरी आए हैं। अपने पूरे जीवन में भी यह पहला अवसर है, जब किसी जैन मंदिर में पहुंचे हैं। इसे उन्होंने अपना सौभाग्य बताया और कहा कि यहां आकर जैन धर्म के सिद्धांतों और दर्शन को करीब से समझने का अवसर मिला।

न्यूनतम उपभोग से सुरक्षित रहेंगे प्राकृतिक संसाधन

राज्यपाल ने कहा कि अहिंसा का सिद्धांत केवल जैन धर्म तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महात्मा गांधी और भगवान बुद्ध के विचारों में भी इसका महत्व रहा है। जैन धर्म ने ढाई हजार साल पहले ही जरूरतों और उपभोग को न्यूनतम रखने का संदेश दिया था। जितना कम उपभोग होगा, प्रकृति और दुनिया के संसाधन उतने ही सुरक्षित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि वे जैन धर्म पर लगातार अध्ययन और शोध कर रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि एक साल बाद फिर पावापुरी आएंगे और तब अपने अध्ययन के आधार पर जैन धर्म के विभिन्न आयामों पर विस्तार से व्याख्यान देंगे।

जैन श्वेतअंबर मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे राज्यपाल।

जैन श्वेतअंबर मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे राज्यपाल।

नवीन जैन के भजनों और देवी के छठ गीतों पर झूमे श्रद्धालु

महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक नवीन जैन पंड्या और लोक गायिका देवी ने प्रस्तुति दी। नवीन जैन ने ‘निर्वाण उत्सव का लाडू चढ़ाओ रे’ और ‘इस महान के चरणों में मस्तक झुकाओ रे’ जैसे भजन सुनाए। इसके बाद ‘धन्य हैं पावापुरी, धन्य हुई सृष्टि, धन्य हुआ संसार’ और ‘पावापुरी आओ रे’ की प्रस्तुति दी। इस दौरान श्रद्धालु तालियां बजाते हुए भक्ति में झूमते रहे। परिसर भगवान महावीर के जयकारों से गूंज उठा।

वहीं, लोक गायिका देवी ने ‘जोड़े-जोड़े नारियल तोरे चढ़ाइब ओ छठी मैया’ और ‘केरवा के पात पर उगे ला सूरज देव’ जैसे पारंपरिक छठ गीत सुनाए। उनके गीतों पर पंडाल में मौजूद श्रोता तालियां बजाते रहे। भजनों और छठ गीतों की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया।

जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए स्टॉल का राज्यपाल ने किया उद्घाटन।

जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए स्टॉल का राज्यपाल ने किया उद्घाटन।

देश-विदेश से पहुंचे जैन श्रद्धालु

भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान के पास बने मुख्य महोत्सव स्थल पर देश-विदेश से जैन श्रद्धालु पहुंचे हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों में भी आयोजन को लेकर उत्साह है। महोत्सव के दौरान दिन में स्कूली विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच दिया गया।

स्कूली बच्चों के बीच हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं

महोत्सव के पहले दिन शिक्षा विभाग की ओर से कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए रंगोली, पेंटिंग, मेहंदी, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने बताया कि इनका उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल और सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडल बनाया गया और संचालन के लिए नोडल पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जेडीयू सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने किया स्वागत।

बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जेडीयू सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने किया स्वागत।

ऐतिहासिक विरासत और AI जैसे विषयों पर भाषण

कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने हिंदी में ‘पावापुरी जल मंदिर का गौरव’, ‘ऐतिहासिक विरासत’, ‘इंटरनेट के प्रभाव’, ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’, ‘सत्य और अपरिग्रह’ जैसे विषयों पर विचार रखे। वहीं, कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अंग्रेजी में प्रस्तुति दी।

शिक्षा विभाग की ओर से विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाया गया है। रविवार को भगवान महावीर के जीवन दर्शन और उपदेशों पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    OpenBuk Bharat (ओपनबुक भारत) आपका भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है। हम राष्ट्रीय, प्रादेशिक (बिहार), वाणिज्य, और मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर निष्पक्षता और सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।