![]()
भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलुआ गांव से पांच दिन से लापता पांच वर्षीय बच्चे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। आरा–सलेमपुर मुख्य मार्ग पर बलुआ गांव के मोड़ के समीप ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान सड़क पर आगजनी भी की गई। हाथों में तख्तियां और इनाम की राशि के पोस्टर लेकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। करीब चार घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। 3 नवंबर को घर के बाहर खेलने के दौरान लापता हो गया था प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द बच्चे की बरामदगी की मांग की। लापता बच्चा बलुआ गांव निवासी अमरदीप प्रसाद का पांच वर्षीय पुत्र मणि कुमार है। वह आंगनबाड़ी का छात्र है। 3 नवंबर को घर के बाहर खेलने के दौरान वह लापता हो गया था। ऑनलाइन पेमेंट के विवाद में धमकी देने का आरोप बच्चे के पिता अमरदीप प्रसाद ने बताया कि गांव में उनकी किराना दुकान है। 2 नवंबर को गांव के दो-तीन लोगों ने उनके पिता हरेश प्रसाद से 10 हजार रुपए ऑनलाइन भेजने की बात कहकर नकद देने को कहा था। उनके पिता ने ऑनलाइन पेमेंट के लिए यूपीआई इस्तेमाल नहीं करने की बात कही। इसी विवाद में आरोपियों पर गाली-गलौज और अंजाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। अमरदीप ने बताया कि अगले दिन उनका बेटा शाम में समोसा खाने दुकान की ओर गया था। रास्ते से ही उसे उठा लिया गया। परिजनों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा था, लेकिन वह अस्पताल से फरार हो गया। पिता ने आशंका जताई कि बच्चे के साथ कोई अनहोनी हुई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मौके पर पहुंचकर बच्चे को सकुशल बरामद कराने की मांग की।
Source link
भोजपुर- लापता बच्चे की बरामदगी को लेकर सड़क जाम, आगजनी:घर से समोसा खाने पांच दिन पहले निकला, ऑनलाइन पेमेंट के विवाद में धमकी का आरोप
