Headlines

औरंगाबाद में दीपावली-छठ पर 5 दिन रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध:रमेश चौक से गांधी मैदान तक वाहनों की नो एंट्री, 13 जगहों पर पुलिस बल तैनात




दीपावली और छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए औरंगाबाद जिला प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की है। शहर में जाम से बचने और पूजा स्थलों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर निर्धारित समय में वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) ने संयुक्त आदेश जारी किया है। रमेश चौक से गांधी मैदान तक पांच दिन अलग-अलग समय पर रोक आदेश के अनुसार, रमेश चौक से गांधी मैदान तक 6 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 12:30 बजे तक, 8 नवंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक, 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक, 15 नवंबर को सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 3 बजे से सुबह 9 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, प्रशासनिक वाहनों को छूट दी गई है। इसके अलावा धर्मशाला रोड स्थित नरेंद्र सिनेमा हॉल से ओवरब्रिज जीटी रोड तक और गांधी मैदान मोड़ से सूर्य मंदिर तक भी निर्धारित समय में वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। नरेंद्र सिनेमा हॉल से सूर्य मंदिर, रामलखन सिंह यादव कॉलेज के समीप से सूर्य मंदिर और शाहपुर ठाकुरबाड़ी से सूर्य मंदिर तक वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा। इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन यातायात प्रतिबंध के दौरान आम लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। ओल्ड जीटी रोड स्थित रमेश चौक से गांधी मैदान की ओर जाने वाले वाहनों को प्रतिबंधित समय में एनएच और बाइपास रोड की तरफ भेजा जाएगा। ओल्ड जीटी रोड से नवाडीह जाने वाले वाहनों को गेट स्कूल क्लब रोड और मदरसा मोड़ की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं, फेसर की ओर से शहर में आने वाले वाहन नवाडीह रोड स्थित मदरसा मोड़ और क्लब रोड होते हुए गेट स्कूल के पास ओल्ड जीटी रोड में प्रवेश करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य सूर्य मंदिर और अन्य प्रमुख पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम रखना है। प्रतिबंधित रास्तों पर वाहनों को रोकने और वैकल्पिक मार्गों पर यातायात नियंत्रित करने की जिम्मेदारी पुलिस पदाधिकारियों को दी गई है। 13 जगहों पर दो पालियों में पुलिस की ड्यूटी पर्व के दौरान यातायात और विधि-व्यवस्था संभालने के लिए शहर के 13 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी दो पालियों में लगाई गई है। पहली पाली सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक और दूसरी पाली रात 8 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक रहेगी। दोनों पालियों में 64-64 लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को तय स्थानों पर पर्याप्त बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपसी समन्वय से यातायात व्यवस्था संभालने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने अधिकारियों को पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था और यातायात पर लगातार निगरानी रखने को कहा है। प्रशासन ने आम लोगों से निर्धारित रूट और वैकल्पिक मार्गों का पालन करने तथा पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *