Headlines

नालंदा- विवाहिता की गला दबाकर हत्या का आरोप:ससुराल पक्ष पर सोने की चेन, गाड़ी मांगने का आरोप; घर छोड़कर सभी फरार




नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र के तुंगी गंजपर गांव में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक 22 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान मिथिलेश पासवान की पत्नी पुष्पांजलि कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं। मायके वालों ने पति, ससुर और देवर पर सोने की चेन व वाहन की मांग को लेकर गला दबाकर हत्या करने और इसे आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर देर रात पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। तीन साल पहले हुई थी शादी, संतान नहीं थी दीपनगर थाना क्षेत्र के कासिमचक नेहरा निवासी रवींद्र पासवान की पुत्री पुष्पांजलि की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व (वर्ष 2023 में) तुंगी गंजपर निवासी मिथिलेश पासवान के साथ हुई थी। मृतका की अभी कोई संतान नहीं थी। मायके वालों का कहना है कि शादी के दौरान सामर्थ्य अनुसार दो लाख से अधिक रुपये और अन्य सामान दिए गए थे। इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में सोने की चेन और गाड़ी की मांग को लेकर पुष्पांजलि को लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। दुपट्टा काटकर आत्महत्या दिखाने की साजिश का आरोप मृतका के मामा अखिलेश पासवान ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे पुष्पांजलि से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद शाम करीब 4:30 बजे मृतका की ननद ने फोन कर सूचना दी कि पुष्पांजलि ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही जब मायके वाले आनन-फानन में तुंगी गंजपर पहुंचे, तो घर का मंजर देखकर दंग रह गए। ससुराल के सभी लोग फरार थे और पुष्पांजलि का शव आंगन में पड़ा हुआ था। कमरे में पंखे से बंधा दुपट्टा हसुए से कटा हुआ लटका था। मृतका के मामा बोले- फांसी लगाने की बात मनगढ़ंत मृतका के मामा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कमरे में बिछावन से पंखे की दूरी महज 4 से 4.5 फीट थी, जबकि लड़की की लंबाई करीब 5.5 फीट थी। वह खड़ी भी हो जाती तो पंखे से सट जाती, ऐसे में फांसी लगाने की बात पूरी तरह मनगढ़ंत है। ससुर और अन्य लोगों ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या की और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए दुपट्टा काटकर शव को आंगन में फेंक दिया। वहीं, दूसरे मामा पंकज कुमार ने बताया कि दो-तीन दिन पहले ही मृतका ने अपनी मां से बात की थी, जिस पर मां ने जल्द ही गोदरेज और अन्य सामान भिजवाने का भरोसा दिलाया था। इसके बावजूद ससुराल वालों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ और गुरुवार को उसकी जान ले ली गई। पुलिस बोली- लिखित आवेदन मिलने पर कार्रवाई करेंगे घटना की सूचना पर दीपनगर थाना पुलिस और सदर डीएसपी-1 अमरनाथ दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल भेज दिया। दीपनगर थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि विवाहिता का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके पक्ष की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *