![]()
समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के समर्था कल्याणपुर पंचायत स्थित बनघरा वार्ड-11 से मंगलवार शाम से लापता युवक रोहन का दो दिनों से कोई सुराग नहीं मिला है। उसकी बुलेट बाइक भी गायब है। इस बीच करीब 12 मिनट का एक ऑडियो सामने आया है। ऑडियो में युवक और उसके दोस्त सुमन के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। बातचीत के अंतिम हिस्से में रोहन की आवाज अचानक घुटने और छटपटाने जैसी सुनाई दे रही है। ऑडियो के आधार पर एक लाख रुपए के लेनदेन में साजिश के तहत रोहन की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। रोहन के अंतिम मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर पुलिस ने गांव के पास स्थित चौर में छापेमारी की। वहां से कुछ आपत्तिजनक सामान मिलने की बात सामने आई है, लेकिन रोहन का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस वायरल ऑडियो की भी जांच कर रही है। चाचा के 98 हजार और खुद के दो हजार मिलाकर दिए थे एक लाख रुपए ऑडियो में रोहन और सुमन के बीच बातचीत सुनाई देती है। शुरुआत में दोनों सिगरेट पीने की बात करते हैं। सुनसान जगह पर मौजूदगी को लेकर रोहन अपनी बुलेट बाइक चोरी होने की आशंका भी जताता है। बातचीत के दौरान रोहन बताता है कि उसके चाचा ने मक्का बेचा था। उससे मिले 98 हजार रुपए और अपने दो हजार रुपए मिलाकर उसने कुल एक लाख रुपए दिए थे। बातचीत से ऐसा प्रतीत होता है कि सुमन उसे लगातार बातों में उलझाए हुए है। रोहन उस जगह को ठीक नहीं बताते हुए वहां से जाने की बात भी करता है। इस पर सुमन कहता है कि उसका एक मित्र आने वाला है और उसके आने के बाद वह चला जाएगा। बातचीत में रोहन बैटरी वाला बल्ब लगाने की बात भी करता है। पैसे गिनने के बाद अचानक घुटने लगी आवाज ऑडियो के अंतिम हिस्से में सुमन की ओर से पैसे गिनने की बात कही जाती है। इसके कुछ देर बाद रोहन की आवाज आती है कि 98 है। इसके तत्काल बाद उसकी आवाज बदलने लगती है। बीच में एक बार सुमन का नाम लेने जैसी आवाज भी सुनाई पड़ती है। इसके बाद लगातार घुटी हुई आवाज आती है और फिर फोन कट जाता है। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान रोहन के साथ कोई अनहोनी हुई। बताया जा रहा है कि अनहोनी की आशंका के कारण रोहन ने अपने एक मित्र को फोन पर कॉन्फ्रेंस में बनाए रखा था, जिससे घटनाक्रम की आवाज रिकॉर्ड हो गई। फिलहाल इस वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें सुनाई दे रही आवाजों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीण एसपी बोले- सभी बिंदुओं पर हो रही जांच ग्रामीण एसपी मुकुल रंजन ने बताया कि युवक अभी लापता है। अब तक के अनुसंधान में सामने आया है कि रोहन और संबंधित युवक पहले से दोस्त थे। दोनों के बीच पैसे के लेनदेन की बात भी सामने आ रही है। वायरल ऑडियो की जांच कराई जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस की टीम सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Source link
समस्तीपुर- एक लाख रुपए के लेनदेन में युवक की हत्या!:दो दिनों से लापता है, 12 मिनट के वायरल ऑडियो में गला घोंटने जैसी आवाज
