![]()
बुधवार को पूर्णिया नगर निगम सभागार में बोर्ड की बैठक हुई। महापौर विभा कुमारी ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें शहर में 60 मॉड्यूलर पुस्तकालय बनाने का फैसला लिया गया। होर्डिंग-बैनर और छठ की तैयारियों पर भी जोर दिया गया। बैठक में शहर के विकास, नगर निगम का राजस्व बढ़ाने, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने और सड़क सुरक्षा पर चर्चा हुई। नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे, उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह और सभी वार्डों के पार्षद बैठक में मौजूद रहे। दीपावली और छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां
दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष चर्चा की गई । वार्ड पार्षद अमित कुमार सोनी के सुझाव पर आपात स्थिति या लाइट खराब होने पर तत्काल समाधान के लिए आवश्यक अतिरिक्त लाइटों की खरीद का प्रस्ताव पारित हुआ।
जबकि वार्ड पार्षद निर्जला देवी की मांग पर छठ घाटों पर चेंजिंग रूम की संख्या बढ़ाने पर सहमति बनी। वहीं, छठ घाटों पर बैरिकेडिंग और जलकुंभी की विशेष सफाई कराई जाएगी ताकि जलकुंभी दोबारा घाटों तक न पहुंचे।
शहर में कुल 60 मॉड्यूलर पुस्तकालयों का निर्माण
युवाओं और विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। शिक्षा विभाग द्वारा 49 विद्यालयों में कमरा उपलब्ध कराने की अनापत्ति मिलने के बाद, सदन ने सर्वसम्मति से 49 विद्यालयों के साथ-साथ नगर निगम क्षेत्र के 11 अन्य स्थानों पर भी पुस्तकालय खोलने का निर्णय लिया है। इस तरह कुल 60 मॉड्यूलर पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे, जहाँ प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों के साथ-साथ साहित्यिक और धार्मिक पुस्तकें भी उपलब्ध होंगी। विज्ञापन और होर्डिंग व्यवस्था का केंद्रीकरण
शहर में अव्यवस्थित ढंग से लगाए जा रहे होर्डिंग और बैनर का मुद्दा वार्ड पार्षद स्वपन घोष ने प्रमुखता से उठाया। इससे न सिर्फ शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि सुरक्षा के भी खतरे उत्पन्न हो रहे हैं। पार्षदों ने इस बात पर नाराजगी जताई कि कई विज्ञापनों का निर्धारित शुल्क निगम को नहीं मिल रहा है। इस पर सदन ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि होर्डिंग-बैनर लगाने और विज्ञापन से जुड़ी पूरी व्यवस्था को नगर निगम के अधीन किया जाए, ताकि प्राप्त होने वाला राजस्व सीधे निगम के खाते में आए।
निविदा प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता
वार्ड पार्षद अंजनी साह ने नगर विकास एवं आवास विभाग के अभियंता प्रमुख के 1 अप्रैल 2026 के पत्रांक 1049 का हवाला देते हुए प्रशासनिक स्वीकृति के 7 दिनों के भीतर निविदा जारी करने के नियमों का पालन करने और लंबित योजनाओं की निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की। सड़क सुरक्षा के लिए प्लास्टिक स्पीड ब्रेकर
सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए वार्ड पार्षद राकेश राय ने अस्पतालों, विद्यालयों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों के पास मानक गुणवत्ता वाले प्लास्टिक स्पीड ब्रेकर लगाने का प्रस्ताव रखा, जो पारंपरिक कंक्रीट के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित और दृश्यमान होते हैं।
प्रतिनिधियों की उपस्थिति
बैठक में यह नियम स्पष्ट किया गया कि विधानसभा सत्र न चलने की स्थिति में संबंधित जनप्रतिनिधि को स्वयं बैठक में उपस्थित होना होगा। नगर आयुक्त ने इस पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वार्ड पार्षद भोला कुशवाहा ने नगर निधि से बनी सड़कों की सराहना की, जबकि विधायक निधि से बनने वाली सड़कों की गुणवत्ता की जांच कर उनमें सुधार की मांग उठाई।
लिए गए निर्णयों को धरातल पर उतारना हमारी प्राथमिकता : महापौर
पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी ने कहा कि बोर्ड की बैठक शहर के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रमुख मंच है। लिए गए निर्णयों को धरातल पर उतारना हमारी प्राथमिकता है। निगम की आय बढ़ाने और पारदर्शिता के साथ शहर का समग्र विकास हमारा मुख्य लक्ष्य है।
निर्णयों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा : नगर आयुक्त
पूर्णिया के नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने विश्वास दिलाया कि बैठक में पारित सभी प्रस्तावों और निर्णयों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गति से लागू किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को और बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें।
Source link
