19 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बिहार के बाद अब उत्तर प्रदेश के सियासी मैदान में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने पूरी ताकत झोंक दी है। गयाजी में पार्टी के प्रदेश महासचिव चंदन सिंह ने दावा किया है कि यूपी में जेडीयू का संगठन जमीनी स्तर पर बेहद मजबूत और सक्रिय है।
पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है और संगठन को धार देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
2016 में जेडीयू ने कई विधानसभा क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी
चंदन सिंह ने पार्टी के पुराने इतिहास का हवाला देते हुए बताया कि साल 2016 के विधानसभा चुनाव में भी जेडीयू ने कई विधानसभा क्षेत्रों में बेहतरीन ढंग से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। उस दौरान भी पार्टी के पास भारी संख्या में ऐसे लोग और समर्थक मौजूद थे, जो पूर्व सीएम नीतीश कुमार की नीतियों और उनकी विचारधारा में अटूट आस्था रखते हैं।
आज भी उत्तर प्रदेश के अंदर नीतीशवादी विचारधारा के हजारों-लाखों समर्थक पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं। इसी जनाधार के बल पर पार्टी लगातार सांगठनिक स्तर पर काम कर रही है।

जेडीयू के प्रदेश महासचिव चंदन सिंह का गयाजी में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत।
‘कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है’
हाल ही में पार्टी नेता निशांत सिंह के उत्तर प्रदेश दौरे का जिक्र करते हुए प्रदेश महासचिव ने कहा कि इस दौरान जो राजनीतिक बैठकें हुईं, वह उम्मीद से कई गुना ज्यादा सफलता हासिल की। कार्यकर्ताओं में जो भारी उत्साह और उल्लास देखने को मिला है।
उससे यह साफ जाहिर होता है कि उत्तर प्रदेश की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्थन जेडीयू के साथ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी एक दिन की मेहनत का नतीजा नहीं है, बल्कि इसके पीछे वर्षों का कड़ा संघर्ष और संगठन की निरंतर मेहनत जुड़ी हुई है।
‘अंतिम फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा’
चुनावी गठबंधन और एनडीए की भूमिका पर बोलते हुए चंदन सिंह ने कहा कि जेडीयू का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में गठबंधन को और अधिक सशक्त करना है। पार्टी नेता निशांत सिंह के नेतृत्व में हुई बैठकों और कार्यकर्ताओं के इस मिले रिस्पॉन्स से यह तय है कि आगामी चुनाव में जेडीयू एनडीए के तहत अपनी एक अहम और मजबूत भूमिका निभाएगी।
वहीं, सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में अंतिम फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा। इसके लिए अलग से उच्चस्तरीय बैठकें होंगी। उस बैठक में ही तय किया जाएगा कि पार्टी एनडीए के तहत चुनाव किस प्रकार लड़ेगी और उसकी रूपरेखा क्या होगी।

कार्यक्रम में मौजूद जेडीयू के कार्यकर्ता।
‘चुनाव को लेकर जनसमर्थन जुटाया जा रहा है’
हालांकि, उससे पहले पार्टी का पहला चरण कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है। इसके तहत हर विधानसभा क्षेत्र में जहां पार्टी की मौजूदगी है। वहां कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की जा रही है और जनसमर्थन जुटाया जा रहा है।
जेडीयू नेताओं का यह मानना है कि उत्तर प्रदेश में जिस तरह से संगठन और कार्यकर्ता जमीन पर पसीना बहा रहे हैं। उससे आने वाले चुनाव में एनडीए गठबंधन को एक नई ताकत मिलेगी और चुनाव परिणाम काफी सकारात्मक होंगे।

