Headlines

बांका में नहर से पांचवें दिन मिला मानव सिर:बदुआ जलाशय की नहर-कुएं से अब तक मिले 7 टुकड़े, डीएनए जांच से होगी पहचान




बांका के बेलहर थाना क्षेत्र में बदुआ जलाशय की पश्चिमी मुख्य नहर से मानव अवशेष मिलने का सिलसिला पांचवें दिन भी जारी रहा। रविवार शाम पुलिस ने कंटिया गांव के पास नहर से एक मानव सिर बरामद किया। इससे पहले नहर से शरीर के सात टुकड़े और एक हाथ मिल चुके हैं। पुलिस को आशंका है कि ये अवशेष बघोनियां गांव निवासी संतोष सिंह की 16 वर्षीय लापता बेटी प्रिया कुमारी के हो सकते हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। रविवार को स्थानीय लोगों ने नहर के पास तीन-चार कुत्तों को पॉलिथीन में बंधी किसी वस्तु को नोचते देखा। पास जाकर देखने पर वह मानव खोपड़ी जैसी दिखाई दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अवशेष को कब्जे में लिया। एसएफएल टीम ने घटनास्थल और बरामद सिर से नमूने एकत्र किए। इसके बाद सिर को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया। 28 अक्टूबर को नहर से मिले थे शरीर के सात टुकड़े जानकारी के अनुसार, बदुआ जलाशय का मुख्य फाटक बंद होने से नहर का जलस्तर कम हो गया था। इसी दौरान 28 अक्टूबर को छगरचारा गांव के पास मछली पकड़ रहे ग्रामीणों की नजर नहर में पड़े मानव अवशेषों पर पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से शरीर के सात टुकड़े बरामद किए। इनमें एक अंग में आईवी कैनुला भी लगा हुआ था। एसएफएल टीम ने नमूने एकत्र किए और अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। खोजी कुत्ते की मदद से कुएं से मिला था एक हाथ 29 अक्टूबर को शेष अवशेषों की तलाश के लिए डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई। खोजी कुत्ते की मदद से घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर नहर किनारे स्थित एक कुएं से मानव का एक हाथ बरामद किया गया। रविवार को पांचवें दिन नहर से सिर मिलने के बाद पुलिस ने डीएनए जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। किशोरी की हत्या के आरोप में दूसरी प्राथमिकी, पत्नी गिरफ्तार इस बीच चौकीदार चौधरी पासवान को सूचना मिली कि बघोनियां गांव निवासी संतोष सिंह, उसकी पत्नी सुनीता देवी, मौसेरे भाई विजय सिंह और अन्य लोगों ने कथित तौर पर किशोरी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए शव के टुकड़े अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने 29 अक्टूबर को दूसरी प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संतोष सिंह की पत्नी सुनीता देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया। संतोष सिंह के ट्रैक्टर चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था, जिसे बाद में छोड़ दिया गया। पुलिस संतोष सिंह और विजय सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फोन पर बातचीत को लेकर विवाद की चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि स्थानीय लोगों के अनुसार, किशोरी किसी युवक से फोन पर बातचीत करती थी। इसकी जानकारी परिजनों को होने के बाद उसे बातचीत नहीं करने के लिए कहा जा रहा था। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि इसी विवाद के बीच किशोरी ने कथित तौर पर नशीला पदार्थ खा लिया था और परिजन उसे इलाज के लिए ले गए थे। इसके बाद उसकी मौत होने और साक्ष्य छिपाने के लिए अवशेषों को अलग-अलग जगहों पर फेंकने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। किशोरी की मौत का कारण भी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। डीएनए रिपोर्ट से होगी अवशेषों की पहचान थानाध्यक्ष विजयेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बेलहर एसडीपीओ रविंद्र मोहन प्रसाद ने बताया कि नहर से सड़ा हुआ मानव सिर बरामद हुआ है। डीएनए जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि सिर पहले मिले अवशेषों और लापता किशोरी से संबंधित है या नहीं। मामले में दो प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस एसएफएल टीम, डॉग स्क्वायड और तकनीकी सेल की मदद से शेष अवशेषों की तलाश कर रही है। डीएनए रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *