![]()
किशनगंज। बंगाल और नेपाल की सीमा से सटे किशनगंज जिले में शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी। इसके तहत कोचाधामन प्रखंड के चरघड़िया एंट्री प्वाइंट पर करीब 85 लाख रुपये की लागत से नया चेकपोस्ट बनाया जाएगा। विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद इसके निर्माण के लिए भवन निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। चेकपोस्ट के साथ यहां बैरक का भी निर्माण कराया जाएगा। इससे वाहनों की जांच और निगरानी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अवैध शराब की ढुलाई पर नजर रखना आसान चरघड़िया एंट्री प्वाइंट से गुजरने वाले मार्ग पर शराब तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। जानकारी के अनुसार, इसी साल फरवरी में इस मार्ग से एक कार में ले जाई जा रही 404 लीटर शराब जब्त की गई थी। वहीं, अप्रैल में 264.28 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी। इसके अलावा भी पुलिस और उत्पाद विभाग की ओर से समय-समय पर कम मात्रा में शराब जब्त की जाती रही है। ऐसे में इस मार्ग पर नया चेकपोस्ट बनने से अवैध शराब की ढुलाई पर नजर रखना आसान होगा। फिलहाल किशनगंज जिले में गलगलिया, फरिंगगोला और रामपुर में तीन स्थायी चेकपोस्ट संचालित हैं। स्थायी चेकपोस्टों पर 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था इन चेकपोस्टों पर बंगाल के रास्ते आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जाती है। इसके अलावा देवी चौक, ब्लॉक चौक और कैल्टेक्स चौक पर तीन अस्थायी चेकपोस्ट भी चल रहे हैं। इन स्थानों पर वाहनों की जांच कर शराब की अवैध ढुलाई रोकने की कोशिश की जाती है। उत्पाद विभाग के अनुसार, स्थायी चेकपोस्टों पर 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था है। यहां लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए आने-जाने वाले वाहनों की गतिविधियों के साथ ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी नजर रखी जाती है। जांच के दौरान की जाने वाली कार्रवाई भी कैमरों में रिकॉर्ड होती है। इससे निगरानी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलती है। उत्पाद अधीक्षक दीपक मिश्रा ने बताया कि चरघड़िया एंट्री प्वाइंट पर चौथा स्थायी चेकपोस्ट बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण के लिए भवन निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। चेकपोस्ट के साथ बैरक भी बनाया जाएगा। ।
Source link
किशनगंज में शराब तस्करी रोकने के लिए नया चेकपोस्ट बनेगा:चरघड़िया एंट्री प्वाइंट पर 85 लाख से निर्माण, फरवरी-अप्रैल में सैकड़ों लीटर शराब पकड़ी गई
