Headlines

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र- 27 अक्टूबर को होगी काउंटिंग:मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण पूरा, 14 टेबल बनाए गए; वैध पास के साथ ही मिलेगी एजेंट को एंट्री




कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 27 अक्टूबर को काउंटिंग होगी। कर्मियों और अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो गया है। इसका मकसद मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी गलती के संपन्न कराना है। प्रशिक्षण सत्र की अध्यक्षता निर्वाची पदाधिकारी और प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने की। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी पूर्णिया अंशुल कुमार, प्रेक्षक सह मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स तथा अन्य जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मतगणना प्रक्रिया पर आवश्यक निर्देश प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतगणना को लेकर जारी किए गए सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना प्रक्रिया सामान्य चुनावों से काफी भिन्न और अत्यधिक संवेदनशील होती है। इसलिए इसमें तैनात सभी मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक और माइक्रो ऑब्जर्वर पूर्ण सतर्कता, सूक्ष्मता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। टेबलवार व्यवस्था एवं राउंडवार प्रविष्टि मतगणना का कार्य कुल 14 टेबल पर निर्धारित किया गया है। टेबल की संरचना, राउंडवार परिणाम प्रविष्टि, सीलिंग प्रक्रिया और पूरी प्रक्रिया के दौरान गोपनीयता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए। मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए मतगणना टेबल का आवंटन रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
प्रवेश नियंत्रण एवं सुरक्षा मतगणना केंद्र परिसर में केवल अधिकृत पदाधिकारियों, कर्मियों और वैध पासधारक एजेंटों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जिससे केंद्र पर अनावश्यक भीड़ न हो। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतों की गिनती दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी। सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को समय से मतगणना केंद्र पर रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। निर्वाची पदाधिकारी सह पूर्णिया प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है और मतगणना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कर्मियों से निष्पक्षता और पूर्ण समर्पण के साथ कार्य पूरा करने की अपील की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *