.
आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। चुनाव के नतीजों से पहले JDU विधायक अनंत सिंह ने जीत का दावा किया है। मुंबई एंटी टेररिज्म स्क्वाड ने माहिम इलाके से मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर(33) को गिरफ्तार किया है। भागलपुर के नवगछिया पुलिस लाइन में SI योगेश कुमार का शव फंदे से लटका मिला है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. जदयू ने अनंत सिंह को पार्टी से किया निलंबित
मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह को जदयू ने 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। अनंत सिंह कुछ दिनों से लगातार पार्टी लाइन से हटकर बयान दे रहे थे। पार्टी के सीनियर नेताओं के लिए अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया था। विधान परिषद चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार कर रहे थे। पार्टी की प्राथमिक सदस्यता को तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए, उन्हें अगले 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाना ने आदेश जारी किया है। उन्होंने विधानसभा स्पीकर से अनंत सिंह की सदस्यता रद्द करने की अनुशांसा की है। पूरी खबर पढ़ें

2. जैश का आतंकी निकला बिहार का रैपिडो ड्राइवर अख्तर
मुंबई एंटी टेररिज्म स्क्वाड ने माहिम इलाके से मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर(33) को गिरफ्तार किया है। उस पर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का आरोप है। आरोपी बिहार का रहने वाला है और मुंबई में रैपिडो ड्राइवर था। ATS के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में भड़काऊ पोस्ट और जैश-ए-मोहम्मद के संस्थापक मसूद अजहर के ऑडियो क्लिप मिले हैं। जांच एजेंसी उसके सोशल मीडिया अकाउंट और एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पूरी खबर पढ़ें
3. फांसी के फंदे से लटका मिला SI योगेश कुमार का शव
भागलपुर के नवगछिया पुलिस लाइन में शनिवार सुबह पुलिस अवर निरीक्षक (SI) योगेश कुमार का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस लाइन में मौजूद लोगं के अनुसार शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे पानी की टंकी बंद करने गए थे। वहीं से लौटने के बाद योगेश अपने कमरे में चले गए। उसके बाद उनका शव मिला। SDPO समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक जांच टीम जांच में जुट गई है। पूरी खबर पढ़ें
4. हॉस्टल से लापता छात्र का मिला शव, स्कूल स्टाफ फरार
नालंदा में हॉस्टल से लापता छात्र की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। शव पंचान नदी से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान पटना जिले के बुढरा गांव निवासी आलोक राज के बेटे आनंद कुमार (15) के रूप में हुई है। पिता ने बेटे की हत्या किए जाने का दावा किया है। स्कूल के टीचर पर बेटे की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। स्कूल के सभी टीचर-स्टाफ फरार हैं। शव मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने साढ़े 3 घंटे से बिहार शरीफ-राजगीर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम रखा। स्कूल के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। पूरी खबर पढ़ें

5. ‘तुम्हारी ही भाषा में जवाब मिले तो बुरा मत मानना’
पवन सिंह बीते कुछ दिनों से चर्चा में हैं। नवरात्र में भरे मंच से अक्षरा सिंह से माफी मांगी, फिर रियलिटी शो में प्यार को लेकर फिलिंग्स शेयर की। इन सबके बीच में ज्योति सिंह का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वो कह रही हैं, 10 जगह मुंह मारने वाला पति नहीं चाहिए। अब उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की है जिसमें लिखा है, “जिस भाषा में तुम किसी को तोड़ते हो, उसी भाषा में जवाब मिले तो बुरा मत मानना। मर्यादा, एकतरफा नियम नहीं, दोनों तरफ से निभाई जाती है। संस्कार का बोझ सिर्फ़ हमें मत सिखाओ, सामने वाले को भी मर्यादा में रहना सिखाओ।” पूरी खबर पढ़ें
6. डेढ़ साल के भाई का गला काटकर मंदिर में चढ़ा दिया
पटना जिले के पालीगंज में डेढ़ साल के बच्चे की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बच्चे का मंदिर में चढ़ावा दिया गया है। घटना रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव की है। गांव के दुर्गा मंदिर में बच्चे का सिर दिया, फिर शव को कंधे पर रखकर घर जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। मृतक बच्चे की पहचान मनीष के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। मृतक बच्चे की मां के बयान पर पुलिस ने बच्चे के बड़े भाई अजीत कुमार उर्फ बाला (22) पर हिरासत में लिया है। पूरी खबर पढ़ें
7. पेपर लीक सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं
‘पेपर बेचने वाला बड़ा अपराधी है या पेपर खरीदने वाला?’ राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने परीक्षा में पेपर लीक और भ्रष्टाचार पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस समस्या के लिए सिर्फ सरकार को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। पेपर लीक करने वाला, उसे खरीदने वाला और बीच में सॉल्वर या दूसरे माध्यमों से मदद करने वाला हर व्यक्ति इसकी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। जब तक पेपर बेचने और खरीदने वाले दोनों को समान रूप से जवाबदेह नहीं माना जाएगा, तब तक इस गड़बड़ी पर रोक लगाना मुश्किल है। पूरी खबर पढ़ें
8. गयाजी में बसाई जाएगी मैन्युफैक्चरिंग सिटी
गयाजी के डोभी में विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी (IMC) के वेब पोर्टल की सीएम सम्राट चौधरी ने आज शनिवार को शुरूआत की। इसके साथ ही भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। देश में 14 जगहों पर इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी विकसित हो रहा, उनमें से एक गयाजी भी है। 1670 एकड़ परिक्षेत्र में इसका विकास हो रहा, जिसके लिए बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गयाजी लिमिटेड (बीआईएमसीजीएल) का गठन हुआ है। पोर्टल इसी के नाम से होगा। सीएम के एयरपोर्ट पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया है। पूरी खबर पढ़ें

9. प्रेमिका से शादी, पहली पत्नी ने की दोनों की पिटाई
खगड़िया के अलौली प्रखंड में युवक रात के अंधेरे में अपनी प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल पहुंच गया। दोनों को एक कमरे में साथ देखकर ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद युवक और महिला के साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने महिला की मांग का सिंदूर धुलवाकर युवक से उसकी शादी भी करा दी। युवक के पहले से 4 बच्चे है, वहीं महिला के 2 बच्चे है। इसके बाद युवक महिला को लेकर अपने घर पहुंचा। वहां पहली पत्नी ने दोनों को दरवाजे पर ही रोक लिया और जमकर हंगामा किया। इस दौरान गाली-गलौज और थप्पड़बाजी भी हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पूरी खबर पढ़ें
10. 27 अक्टूबर के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम की वजह से 27 अक्टूबर के बाद मौसम में बदलाव हो सकता है। 28 अक्टूबर से बारिश और तेज हवा की संभावना है।
