![]()
समस्तीपुर में इंडिया वन एटीएम से करीब 18 लाख रुपए की चोरी हुई है। मशीन का बोल्ट तोड़कर चोर रुपए लेकर फरार हो गए। एटीएम से छेड़छाड़ किए जाने के बावजूद पुलिस या संबंधित अधिकारियों को कोई अलर्ट नहीं मिला। करीब 12 घंटे बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना हलई थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक चकलालशाही चौक पर पुराने थाना भवन के ठीक सामने इंडिया वन कंपनी का एटीएम लगा हुआ है। रविवार को किसी समय चोर एटीएम के अंदर घुसे और मशीन का बोल्ट तोड़कर उसमें रखे रुपए निकाल लिए। इसके बाद शटर गिराकर मौके से भाग निकले। देर शाम एक ग्राहक एटीएम से रुपए निकालने पहुंचा तो उसने शटर गिरा हुआ देखा। शटर उठाने पर अंदर एटीएम टूटा हुआ मिला। इसके बाद युवक ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में कंपनी के कर्मियों को भी घटना की जानकारी दी गई। छेड़छाड़ के बावजूद नहीं आया कोई अलर्ट पटोरी के डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि एटीएम से छेड़छाड़ किए जाने के बावजूद पुलिस मुख्यालय, स्थानीय थाना या वरीय पुलिस अधिकारियों को किसी तरह का अलर्ट नहीं मिला। इस कारण घटना की जानकारी काफी देर से हो सकी। जिस तरीके से एटीएम का बोल्ट तोड़ा गया है, उससे प्रतीत होता है कि घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति को तकनीकी जानकारी हो सकती है। एटीएम में दूसरी जगह छेड़छाड़ करने पर अलार्म या आग लगने जैसी सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय होने की संभावना रहती है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। कंपनी की ओर से अब तक पुलिस को इस मामले में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। थाना एक किलोमीटर दूर होने से लोगों में असुरक्षा स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले हलई थाना चकलालशाही चौक पर ही स्थित था। बाद में थाना भवन को फोरलेन पर चौक से करीब एक किलोमीटर आगे स्थानांतरित कर दिया गया। थाना दूर होने के कारण दुकानदार और स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चकलालशाही चौक पर एक पुलिस पिकेट की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि बाजार में सुरक्षा बनी रहे और इस तरह की घटनाओं पर तत्काल पुलिस की नजर पड़ सके।
Source link
समस्तीपुर- ATM का बोल्ट तोड़कर 18 लाख की चोरी:12 घंटे बाद पुलिस को मिली सूचना, छेड़छाड़ के बावजूद नहीं आया कोई अलर्ट
