Headlines

बिहार- अगले 5 दिन मौसम सामान्य रहने की संभावना:सुबह-रात में हल्की ठंड का होगा अहसास; 24 घंटे में समस्तीपुर में सबसे अधिक 36.4mm बारिश




बिहार में अगले 5 दिनों तक मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक आज से 21 अक्टूबर तक राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहेगा। हालांकि, दोपहर और शाम के समय कुछ जगहों पर आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। इस दौरान बारिश की संभावना बेहद कम है। वहीं, दिन में गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि सुबह और रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने से हल्की ठंड का अहसास हो सकता है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार बिहार के किसी भी जिले में फिलहाल बारिश को लेकर यलो, ऑरेंज या रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। इसका मतलब है कि फिलहाल किसी जिले में मौसम को लेकर विशेष चेतावनी नहीं है। पटना में 33 डिग्री तक रहेगा अधिकतम तापमान पटना में भी अगले पांच दिनों तक मौसम में बहुत बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 19 अक्टूबर को भी अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 20 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। 21 अक्टूबर को दिन का अधिकतम तापमान वैसा ही रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस कम हो सकता। पूरे बिहार में बारिश की संभावना कम मौसम वैज्ञानिक के अनुसार पश्चिमी चंपारण से लेकर किशनगंज और कैमूर से लेकर बांका तक सभी जिलों को ग्रीन जोन में दिखाया गया है। उत्तर बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया समेत अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। वहीं, मध्य बिहार के पटना, सारण, वैशाली, भोजपुर, बक्सर, नालंदा, बेगूसराय, समस्तीपुर और आसपास के जिलों में भी बारिश को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है। दक्षिण बिहार के गयाजी, औरंगाबाद, नवादा, जमुई, बांका, रोहतास, कैमूर और अरवल समेत अन्य जिलों में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, स्थानीय परिस्थितियों के कारण आंशिक बादल छा सकते हैं। समस्तीपुर में सबसे अधिक 36.4 मिमी बारिश मौसम विभाग की रिपोर्ट में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश समस्तीपुर जिले के सिंघिया में 36.4 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा कटिहार जिले के दंडखोरा में 26.3 मिलीमीटर, मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर में 25 मिलीमीटर और कटिहार जिले के समेली में 25 मिलीमीटर बारिश हुई। कटिहार जिले के कुरसेला में 14.2 मिलीमीटर और प्राणपुर में 12.6 मिलीमीटर बारिश हुई। भागलपुर जिले के नारायणपुर में 10.2 मिलीमीटर और नौगछिया में 8.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, सहरसा जिले के सलखुआ में 8.2 मिलीमीटर, खगड़िया जिले के बलतारा में 6.8 मिलीमीटर, सहरसा जिले के बनमा इटहरी में 6.2 मिलीमीटर, सुपौल में 5.2 मिलीमीटर और कटिहार जिले के कोढ़ा में 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हालांकि, मौसम विभाग ने बारिश की गतिविधि को कमजोर और बारिश को छिटपुट बताया है। इसका मतलब है कि पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही बारिश हुई, जबकि अधिकांश इलाकों में बारिश की गतिविधि सीमित रही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *