Headlines

मुजफ्फरपुर- भीड़ में चेन-पर्स उड़ाने वाली 15 महिलाएं गिरफ्तार:यूपी-बिहार के 4 जिलों की हैं महिलाएं; गोल घेरा बनाकर भीड़ में घुसती, सोने के लॉकेट, मोबाइल बरामद




मुजफ्फरपुर में त्योहारों की भीड़ के बीच महिलाओं के गले से चेन और पर्स चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बिहार और उत्तर प्रदेश की चार जिलों से जुड़ीं 15 महिलाओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में आम महिलाओं के बीच घुस जाती थीं। फिर गोल घेरा बनाकर इस तरह वारदात करती थीं कि आसपास के लोगों को शक तक नहीं होता था। इनके पास से 16,800 रुपए नकद, सोने के तीन लॉकेट, सोने का एक कान का लटकन और पांच मोबाइल बरामद किए गए हैं। शनिवार को सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि त्योहारों के सीजन को देखते हुए पुलिस लगातार सक्रिय थी। इसी दौरान नगर थाने की पुलिस को 16 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली कि बाहर से आने वाली महिलाओं का गिरोह शहर में चेन स्नैचिंग, मोबाइल और पर्स चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई कर 15 महिलाओं को पकड़ा। भीड़ में घुसकर बनाती थीं शिकार पुलिस के मुताबिक, गिरोह की महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से चेन और आभूषण निकालती थीं। इसके अलावा पर्स, मोबाइल और नकदी भी चोरी की जाती थी। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि गिरोह ने शहर में किन-किन जगहों पर वारदात की है और इसके पीछे मुख्य सरगना कौन है। यूपी के गोरखपुर, देवरिया और आजमगढ़ से जुड़ाव पुलिस की ओर से जारी सूची के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, देवरिया और आजमगढ़ की महिलाएं शामिल हैं। वहीं, बिहार के सीवान जिले के भगवानपुर क्षेत्र की भी महिलाएं पकड़ी गई हैं। पुलिस ने इनके आपराधिक इतिहास का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरोह के अन्य सदस्यों और सरगना की पहचान भी की जा रही है। नगर थाने में केस दर्ज इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 569/26 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। त्योहारों के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी व चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस सतर्कता बढ़ा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *