![]()
भागलपुर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है। सबौर थाना क्षेत्र में 510.24 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान सरधो गांव निवासी पंचानंद कुमार (पिता महादेव मंडल) के रूप में हुई है। पुलिस को ब्रह्मदेव होटल के पास अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। जानकारी के मुताबिक, पुलिस और मजिस्ट्रेट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवक भागने लगा, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 510.24 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। बरामद मादक पदार्थ की मात्रा को देखते हुए पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। ‘स्वस्थ व स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत कार्रवाई विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि भागलपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘स्वस्थ व स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत सबौर थाना क्षेत्र के ब्रह्मदेव होटल के पास मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भागने की कोशिश कर रहे पंचानंद कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 510 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद हुई है। अब मोबाइल और नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस पुलिस के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर कहां से आई थी और इसका इस्तेमाल किन लोगों तक आपूर्ति करने के लिए किया जाना था। बरामद मोबाइल फोन की जांच से भी मामले में अहम सुराग मिलने की संभावना है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में आरोपी के साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। डीएसपी नवनीत कुमार ने स्पष्ट किया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान अन्य संलिप्त लोगों की पहचान होने पर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पर्व-त्योहार के बीच नशे के कारोबारियों पर पुलिस की नजर पर्व-त्योहार के मौसम में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सक्रिय है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सबौर में हुई इस कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा गिरफ्तार युवक तक सीमित नहीं है। पुलिस की कोशिश है कि बरामद ब्राउन शुगर के स्रोत से लेकर संभावित खरीदारों और आपूर्ति नेटवर्क तक की कड़ियों का पता लगाया जाए, ताकि नशे के इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जा सके।
Source link
भागलपुर में 510 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार:सबौर थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई; मोबाइल, नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
