सीतामढ़ी में दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीएम तनय सुल्तानिया और एसपी अमित रंजन की अगुवाई में फ्लैग मार्च निकाला गया।
.
सर्किट हाउस से शुरू हुआ मार्च मेहसौल चौक, जानकी स्थान और गौशाला चौक सहित विभिन्न इलाकों से गुजरा।
इस दौरान अधिकारियों ने कई पूजा पंडालों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। पूजा समिति के सदस्यों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

27 चेकपोस्ट पर निगरानी, पंडालों में CCTV
जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 27 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। सभी पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे नजर
पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया सेल गठित किए गए हैं। उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा एवं दशहरा मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि किए भ्रामक संदेश साझा न करें। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
