![]()
दरभंगा में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिले के संवेदनशील सहित कुल 426 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। 17 अक्टूबर से प्रतिमा विसर्जन तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। इसके लिए दूरभाष नंबर 06272-240600 जारी किया गया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने संयुक्त आदेश जारी कर सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतर्क रहने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी मुस्तैदी से करने का निर्देश दिया है। प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 17 अक्टूबर को महासप्तमी, 18 अक्टूबर को महाअष्टमी, 19 अक्टूबर को महानवमी और 20 अक्टूबर को विजयादशमी मनाई जाएगी। पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़, प्रतिमा विसर्जन, रावण वध कार्यक्रम और शहर की यातायात व्यवस्था को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। इसमें सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में भीड़ प्रबंधन, पूजा पंडालों की सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, पुलिस गश्ती, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने, संभावित समस्याओं की पहले से पहचान करने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पूजा पंडालों में सीसीटीवी और बिजली सुरक्षा पर जोर जिलाधिकारी ने भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनके माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया। सभी थानाध्यक्षों को स्थानीय विद्युत विभाग के कनीय अभियंता से समन्वय स्थापित कर पंडालों में बिजली कनेक्शन, तारों और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कराने को कहा गया है, ताकि शॉर्ट सर्किट या अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों और थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र के उन गांवों का भ्रमण करने का निर्देश दिया गया है, जहां दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। जिन स्थानों पर मुख्यालय स्तर से पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति नहीं हुई है, वहां संबंधित थानाध्यक्ष आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल, चौकीदार और दफादार की तैनाती करेंगे। विसर्जन स्थलों का होगा पूर्व निरीक्षण प्रतिमा विसर्जन को लेकर निर्धारित तालाबों, पोखरों और अन्य जलाशयों का पहले से निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। जलाशयों में अधिक गहराई वाले स्थानों और जोखिमपूर्ण क्षेत्रों को चिह्नित कर आवश्यक बैरिकेडिंग कराने तथा खतरे वाले मार्गों पर स्पष्ट संकेतक लगाने को कहा गया है। प्रशासन ने विसर्जन मार्गों की स्थिति, संभावित भीड़ और आवागमन की व्यवस्था का आकलन कर समय रहते आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। क्यूआरटी, बाइक गश्ती और डायल-112 रहेगी सक्रिय वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी), बाइक गश्ती दल और डायल-112 की सक्रियता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। थानाध्यक्षों को नियमित रूप से रोको-टोको अभियान चलाने और आवश्यकता के अनुसार बाइक गश्ती दलों की संख्या बढ़ाने को कहा गया है। सख्त कार्रवाई की कही बात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, केन शील्ड और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत भी दी गई है। निर्देशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। असामाजिक तत्वों, नशा करने वाले व्यक्तियों और सांप्रदायिक अफवाह फैलाने वालों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिला नियंत्रण कक्ष में रहेगी पर्याप्त व्यवस्था 17 अक्टूबर से प्रतिमा विसर्जन तक समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। इसके वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त स्वप्निल रहेंगे। उनका मोबाइल नंबर 9031071442 जारी किया गया है। नियंत्रण कक्ष में पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती के साथ अश्रुगैस दस्ता एवं बज्रवाहन को तैयार हालत में रखने का निर्देश दिया गया है। अग्निशमन पदाधिकारी को 17 अक्टूबर की दोपहर से जिला नियंत्रण कक्ष में अग्निशमन दस्ते की एक यूनिट तैनात करने को कहा गया है। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने अनुमंडल मुख्यालय में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दंडाधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है। जिला मुख्यालय स्थित वीएचएफ कंट्रोल 24 घंटे खुला रहेगा। सभी थानों और ओपी को वायरलेस सेट चालू रखने तथा नियमित रूप से खैरियत प्रतिवेदन भेजने को कहा गया है। शहर में 17 से 20 अक्टूबर तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था दुर्गा पूजा के दौरान दरभंगा शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 17 अक्टूबर की सुबह से 20 अक्टूबर तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है, ताकि भीड़ नियंत्रित रहे और आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सके। हालांकि, यातायात प्रतिबंधों और वैकल्पिक मार्गों का विस्तृत ब्योरा अलग से जारी किया जाना है। चुनाव आचार संहिता का पालन अनिवार्य बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहने के कारण पूजा समितियों और आयोजकों को विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है। धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा स्थलों और पंडालों का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए नहीं किया जा सकेगा। जुलूस और झांकियों में ऐसे दृश्य, व्यंग्य चित्र या सामग्री प्रदर्शित करने पर रोक रहेगी, जिससे किसी जाति, समुदाय या वर्ग की भावनाएं आहत हों अथवा वैमनस्य फैलने की आशंका हो। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दरभंगा में दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम:426 जगहों पर दंडाधिकारी-पुलिस बल तैनात; नियंत्रण कक्ष एक्टिव, पूजा पंडालों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश
