दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सभी 40 प्रत्याशी चुनावी मैदान में बने हुए हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13 अभ्यर्थियों के बीच
.
नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में निर्वाची पदाधिकारी-सह-प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने वोटरों की संख्या, मतदान केंद्रों के निर्धारण और निर्वाचन कर्मियों के प्रशिक्षण सहित चुनाव की तैयारियों के बारे में विस्तार से बताया।

चुनाव को लेकर जानकारी देते हुए निर्वाची पदाधिकारी-सह-प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय।
स्नातक में 1.26 लाख और शिक्षक निर्वाचन में 9 हजार से अधिक वोटर
प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,26,951 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें मधुबनी के 29,316, दरभंगा के 34,001, समस्तीपुर के 34,429 और बेगूसराय के 29,205 वोटर्स शामिल हैं।
वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 9,026 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें मधुबनी के 1,829, दरभंगा के 2,800, समस्तीपुर के 2,350 और बेगूसराय के 2,047 वोटर्स हैं। इस तरह दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 1,35,977 वोटर्स रजिस्टर्ड हैं।
दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में 237 मतदान केंद्र
निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में चार जिलों में कुल 138 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें मधुबनी में 32, दरभंगा में 43, समस्तीपुर में 34 और बेगूसराय में 29 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
इसी तरह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 99 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें मधुबनी में 23, दरभंगा में 32, समस्तीपुर में 24 और बेगूसराय में 20 मतदान केंद्र शामिल हैं। इस तरह दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 237 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद अधिकारी।
निर्वाचन कर्मियों को तीन चरणों में ट्रेनिंग
आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने बताया कि निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मियों को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि शेष निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा। इसका उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कर्मियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाओं और दिशा-निर्देशों की जानकारी देना है, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
उन्होंने संबंधित जिलों के सहायक निर्वाची पदाधिकारियों और निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये अधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश चंद्र, प्रभारी उपनिदेशक जनसंपर्क आशीष अमन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
