Headlines

दरभंगा- 19 साल की विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:घर के बरामदे में मिली लाश, पति, ससुर, देवर मुंबई में करते हैं जॉब; हिरासत में सास




दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र के महवा गांव में गुरुवार को 19 साल की विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान महवा गांव निवासी नारायण जी राय की पत्नी राधा कुमारी (19) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित कराया और FSL टीम को जांच के लिए बुलाया है। मृतका की सास लीलू देवी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, राधा के पति नारायण जी राय, ससुर नवीन कुमार राय और देवर गोलू राय रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। गांव में राधा अपनी सास लीलू देवी और छह माह की बच्ची दीपिका के साथ रह रही थी। बताया जाता है कि गुरुवार सुबह किसी घरेलू बात को लेकर राधा और उसकी सास के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद राधा का शव घर के अंदर लटका हुआ मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारा। इसके बाद पड़री गांव स्थित एक निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को घर के बरामदे में रख दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरा, FSL टीम को बुलाया घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को क्राइम सीन टेप से घेरकर सुरक्षित किया। मामले की जांच के लिए FSL टीम को भी सूचना दी गई है, ताकि घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा सकें। थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। मृतका की सास लीलू देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आत्महत्या या साजिश, जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति राधा की मौत को लेकर गांव में अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। ससुराल पक्ष की ओर से इसे आत्महत्या बताया जा रहा है, जबकि मायके पक्ष ने मौत को लेकर साजिश की आशंका जताई है। हालांकि, दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *