![]()
दरभंगा के अलीनगर प्रखंड में 1 करोड़ 34 लाख रुपए में पंचायत सरकार भवन बना है। विभाग का कहना है कि काम पूरा हो चुका है। विभाग के इस दावे के बीच अनियमितता की शिकायत की गई है। जिसमें बताया गया है कि भवन अधूरा है। ठीक से काम नहीं कराया गया है। भवन इसी साल जनवरी में बनकर तैयार हुआ, पर उसमें पेंटिंग नहीं हुई, नए भवन के चबूतरे में दरारें आ गईं, पिलर भी टेढ़ा हो गया। अन्य कमियां गिनाई गईं। शिकायतकर्ता ने वीडियो भी बनाया था। शिकायत के बाद विभाग ने भवन में काम कराना शुरू कर दिया। जो भवन 8 महीने से बदरंग पड़ा था, शिकायत के 18 दिन में रंगरोगन कर चमका दिया। वहीं, मुखिया ने बताया कि 15 दिन में भवन का उद्घाटन हो जाएगा। भवन चमकाने के बाद विभाग ने शिकायत का जवाब दिया। जांच रिपोर्ट में बताया कि शिकायतकर्ता का आरोप गलत है। उन्होंने जो वीडियो दिखाया है, वो 2 महीने पुराना है। जबकि शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने अप्रैल में वीडियो बनाया था। पंचायत सचिव और BPRO ने ठेकेदार को बचाने और सरकारी फंड के बंदरबांट को छुपाने के लिए फर्जी रिपोर्ट तैयार की है। मामला अलीनगर प्रखंड के लहटा तुमौल सुहथ पंचायत का है। पंचायत सरकार भवन कब से बना रहा था, शिकायतकर्ता ने क्या कमियां गिनाईं, विभाग ने क्या जवाब दिया, पढ़ें रिपोर्ट… शिकायत से पहले की कुछ तस्वीरें… शिकायत के बाद की 2 तस्वीरें… शिकायकर्ता ने अलग-अलग डेट में 2 शिकायतें की लहटा तुमौल पंचायत निवासी मनु कुमार मिश्रा ने 11 सितंबर को सहयोग पोटर्ल पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि पंचायत सरकार भवन करीब 6 साल से अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य में पैसों का दुरुपयोग हुआ है। अनियमितताओं की जांच होनी चाहिए। जिसके बाद प्रखंड स्तर से 17 सितंबर को जिला पंचायती राज पदाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई। रिपोर्ट में बताया गया कि भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, पर शिकायतकर्ता मनु विभागीय जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने फिर 26 सितंबर को दोबारा सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज की। अधिकारी का जवाब- आरोप में पुरानी तस्वीरें पहली शिकायत के जवाब में अलीनगर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी ने जिला पंचायत राज पदाधिकारी को 17 सितंबर पत्र भेजा था। पत्र में बताया कि पंचायत सचिव सुमन प्रसाद ने मामले की जांच की है। पंचायत सचिव की जांच में पता चला है कि शिकायतकर्ता के आरोप निराधार हैं। पंचायत सरकार भवन का कार्य पूरा हो चुका है। शिकायतकर्ता ने रिपोर्ट पर उठाए सवाल विभागीय जवाब मिलने के बाद मनु कुमार ने दूसरी शिकायत में आरोप लगाया कि भवन की रंगाई-पुताई कर उसे नया बना दिया गया। उसे पूरा दिखाने की कोशिश की गई। पंचायत सचिव ने 26 फरवरी 2026 के फोटो को 2 साल पुराना बताया है। मेरे पास वीडियो फोटो और सबूत मौजूद हैं। शिकायतकर्ता ने अपनी दूसरी शिकायत में करीब 1 मिनट 26 सेकंड का वीडियो, GPS वाला फोटो और अन्य दस्तावेज संलग्न किए जाने की बात कही है। उनका कहना है कि इन साक्ष्यों से स्थल की वास्तविक स्थिति का तकनीकी और भौतिक सत्यापन कराया जा सकता है। वित्तीय गड़बड़ी भी हो सकती है मनु कुमार मिश्रा ने बताया कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण करीब 6 साल से चल रहा है। निर्माण में सरकारी राशि के इस्तेमाल की भी जांच होनी चाहिए। यदि निर्माण में किसी स्तर पर वित्तीय या तकनीकी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों से राशि की रिकवरी की जाए और भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए। DM को आवेदन- निर्माण का सत्यापन करवाएं मनु कुमार ने 27 सितंबर 2026 की तस्वीरों और वीडियो का हवाला देते हुए डीएम कौशल कुमार को भी आवेदन दिया है। इसमें दावा किया गया है कि पंचायत सरकार भवन के चबूतरे-फर्श में दरारें हैं। यदि विभागीय रिपोर्ट में भवन का निर्माण पूरा बताया गया है तो स्थल का सत्यापन कराया जाना चाहिए, ताकि निर्माण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। मुख्यमंत्री कार्यालय को भी किया मेल मनु कुमार मिश्रा ने कहा कि विभाग के जवाब से मैं संतुष्ट नहीं हूं। मैंने जिला पदाधिकारी और मुख्यमंत्री कार्यालय को भी ई-मेल के माध्यम से आवेदन भेजा है। मैं पंचायत सरकार भवन की वास्तविक स्थिति की निष्पक्ष जांच चाहता हूं। निर्माण से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों या एजेंसी की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और सरकारी राशि की रिकवरी की मांग है।
अधिकारियाें ने क्या कहा… ‘शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हैं तो दोबारा शिकायत कर दें’ शिकायतकर्ता को पहले ही जवाब दिया जा चुका है। यदि शिकायतकर्ता उस जवाब से संतुष्ट नहीं हैं तो वे दोबारा शिकायत कर सकते हैं। शिकायत मिलने पर नियमानुसार समुचित तरीके से जांच कराई जाएगी। -दीपिका झा ,प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी,अलीनगर
जिला पंचायत राज पदाधिकारी से संपर्क नहीं हुआ दैनिक भास्कर के रिपोर्टर ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार का पक्ष जानने के लिए कई बार उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद कार्यालय पहुंचकर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। कार्यालय कर्मियों ने बताया कि वे फील्ड विजिट पर गए हुए हैं। मुखिया ने कहा- काम पूरा, 15 दिनों में उद्घाटन होगा मुखिया शतीशचंद्र झा ने बताया कि भवन का निर्माण 2020 में शुरू हुआ था। 2021 में पंचायत चुनाव हुआ, जिसमें मैं मुखिया निर्वाचित हुआ। पूर्व मुखिया के कार्यकाल में निर्माण का आधे से अधिक काम पूरा होने के बावजूद करीब 2 साल से अधिक समय तक निर्माण कार्य प्रभावित रहा। निर्माण सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण पुराने एस्टीमेट के अनुसार काम पूरा करना मुश्किल हो गया था। जिला स्तर पर निर्माण सामग्री के वर्तमान मूल्य के हिसाब से एस्टीमेट तैयार कराने का अनुरोध किया गया। इसके समाधान के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया। भवन के चबूतरे का निर्माण भी लगभग पूरा कर लिया गया है। शेष काम पूरा होने के बाद 15 दिनों के अंदर भवन का उद्घाटन हो जाएगा। मुखिया ने कहा कि फिलहाल नए पंचायत भवन के लिए सरकार की ओर से फर्नीचर की राशि आवंटित नहीं हुई है। पुराने पंचायत भवन में उपलब्ध फर्नीचर, अलमारी को नए भवन में लाकर उपयोग किया जाएगा। इसके बाद पंचायत से संबंधित कार्य नए भवन से ही संचालित किए जाएंगे।
Source link
अलीनगर-₹1.34 करोड़ में बना पंचायत भवन, सीलन-दरारें, पिलर भी टेढ़ा:शिकायत हुई तो ठेकेदार ने 18 दिन में रंग-रोगन कर चमकाया, अधिकारी बोले- काम पूरा
