Headlines

लव मैरिज के 10 दिन बाद नवविवाहिता ने किया सुसाइड:सुपौल में मायके नहीं ले जाने से थी नाराज, गले पर मिला फंदे का निशान




सुपौल में लव मैरिज के 10 दिन बाद युवती ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गजहर वार्ड संख्या-3 की है। मृतका की पहचान बिट्टू सरदार की पत्नी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। सोमवार देर रात नेहा और उसके पति बिट्टू के बीच मायके जाने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद नेहा अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पति ने गेट तोड़कर उसे बाहर निकाला। परिजन उसे ऑटो से लेकर राघोपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। गले पर मिला फंदे का निशान घटना के बाद नेहा के गले पर फंदे का निशान मिला। वहीं बाएं पैर और उंगलियों में चोट के निशान भी बताए गए हैं। परिजनों के अनुसार, अस्पताल ले जाने के दौरान सड़क से घिसटने के कारण पैर में चोट लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सास सबिता देवी ने बताया कि नेहा और बिट्टू ने करीब 10 दिन पहले प्रेम विवाह किया था। रात में दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद नेहा ने कमरे का गेट बंद कर लिया। काफी देर बाद दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। राघोपुर रेफरल अस्पताल के डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि नेहा को मृत अवस्था में लाया गया था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हुआ। त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने मंगलवार सुबह में बताया कि परिजनों ने फंदा लगाने की बात कही है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *