Headlines

समस्तीपुर- 24 दिन बाद वायरल गर्ल नेहा झा को जमानत:ट्रेन के फर्स्ट एसी के वीआईपी कूपे से हुई थी गिरफ्तार, जीजा इशांत जेल में ही रहेगा




समस्तीपुर में स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच से शराब बरामदगी मामले में गिरफ्तार नेहा झा को सोमवार को समस्तीपुर कोर्ट से जमानत मिल गई। हालांकि, उसके बहनोई इशांत कुमार को फिलहाल जेल में ही रहना होगा। इशांत कुमार की जमानत अर्जी पर कोर्ट में अभी सुनवाई नहीं हुई है। नेहा झा के वकील चंदन कुमार सिंह ने बताया कि विशेष उत्पादन न्यायालय-2 में सुनवाई के बाद कोर्ट ने नेहा झा को जमानत दे दी। वकील के अनुसार, नेहा झा के कब्जे से शराब बरामद नहीं हुई थी। जिस सीट पर उनके बहनोई इशांत कुमार बैठे थे, उसके नीचे से शराब बरामद की गई थी। गिरफ्तारी के बाद नेहा को समस्तीपुर जेल के कस्तूरबा वार्ड में रखा गया था। देर शाम उसके जेल से बाहर आने की उम्मीद है। 3 सितंबर की रात हुई थी गिरफ्तारी 3 सितंबर की रात समस्तीपुर जंक्शन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच से आरपीएफ ने 75 लीटर शराब बरामद की थी। इस मामले में नेहा झा और उनके बहनोई इशांत कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। नेहा ने शराब की तस्करी कैसे कब शुरू की, उसका परिवार कैसा है? दिल्ली कब गई, और किस-किस से मिली, पढ़िए पूरी रिपोर्ट… शराब तस्करी में पकड़ी गई नेहा के बारे में पढ़िए… नेहा समस्तीपुर जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर सिंघिया थाना क्षेत्र के बारी गांव के वार्ड-12 की रहने वाली है। वह संजय कुमार झा की बेटी है। उसकी मां पुनीता झा आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका हैं। उसके दादा शशिभूषण झा बारी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष रह चुके हैं। नेहा चार बहनों में सबसे छोटी है। उसके साथ गिरफ्तार ईशान कुमार उसकी बड़ी बहन अंशु झा का देवर है। नेहा की दूसरी बहन निशु झा को दरभंगा पुलिस शराब मामले में दो बार गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं तीसरी बहन अंजू झा दरभंगा के एक डायग्नोस्टिक सेंटर में काम करती है। पिता भी जेल जा चुके हैं नेहा ने दरभंगा के केएस कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की है। उसके पिता पंकज कुमार झा खेती-किसानी करते हैं। उन्हें भी करीब दो वर्ष पूर्व सिंघिया पुलिस शराब के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। नेहा के दो भाई भी हैं। एक भाई गांव में रहकर मैट्रिक की पढ़ाई कर रहा है। दूसरा भाई इंटरमीडिएट के बाद सिंघिया में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। इस बार नीट में सफलता नहीं मिलने के बाद वह नशे की चपेट में आ गया। परिजनों के अनुसार, उसका मुजफ्फरपुर के नशामुक्ति केंद्र में कई दिनों तक इलाज भी चला था। दरभंगा में बड़े लोगों तक शराब पहुंचाने का नेटवर्क होने की चर्चा ग्रामीणों के बीच हो रही चर्चा और पुलिस को मिल रही सूचनाओं के अनुसार, नेहा और उसकी बहनों का दरभंगा में शराब की होम डिलीवरी से जुड़ा नेटवर्क हो सकता है। ग्रामीण सुमित के मुताबिक, नेहा अपनी बेहतर बातचीत और हाई-प्रोफाइल लोगों के बीच पहचान के कारण शराब पहुंचाने का काम करती थी। पुलिस को यह भी सूचना मिली है कि उसने अपने साथ कई लड़कियों को जोड़ रखा था। हालांकि, इन दावों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है। बहनों के साथ मिलकर शराब का धंधा चलाती ग्रामीणों के अनुसार, चारों बहनों को उनके पिता ने पढ़ाई के लिए दरभंगा भेजा था। बाद में वहीं रहकर उनकी संगत और गतिविधियों में बदलाव आया। बताया जाता है कि नेहा की बड़ी बहन भी शराब के मामले में दरभंगा पुलिस के हाथों गिरफ्तार होकर जेल जा चुकी है। पुलिस के अनुसार, नेहा और उसकी बहनों के दरभंगा में किराए के मकान में रहने की भी जानकारी मिली है। हालांकि, डायग्नोस्टिक सेंटर में काम करने वाली अंजू झा के खिलाफ शराब से जुड़ा कोई मामला सामने नहीं आया है। अधिक पैसा कमाने की लालच में ईशान भी जुड़ा नेहा के साथ गिरफ्तार ईशान कुमार बीटेक इंजीनियर है। पुलिस के अनुसार, वह जल्द अधिक पैसा कमाने के लालच में नेहा के साथ शराब की खेप लेकर दरभंगा जा रहा था। हालांकि, पुलिस को इसकी भनक लग गई और समस्तीपुर में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *