![]()
नवादा पुलिस कार्यालय में रविवार को पुलिस उप-महानिरीक्षक (कार्मिक) राजेंद्र कुमार भील ने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर पुलिस की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक से पहले पुलिस कार्यालय पहुंचने पर गार्ड की ओर से डीआईजी को सलामी दी गई। एसपी अभिनव धीमान ने उनका स्वागत किया। इसके बाद हुई बैठक में जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में डीआईजी ने अधिकारियों को जिले की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। जिन मामलों में आरोपी लंबे समय से फरार हैं, उनमें गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज करने और अनुसंधान की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। सोशल मीडिया पर भी नजर रखने का निर्देश डीआईजी ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली ऐसी सामग्री पर पुलिस की नजर रहे, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो। अधिकारियों को सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वाले लोगों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। इसके साथ ही राजनीतिक गतिविधियों, धरना-प्रदर्शन और आंदोलनों को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पर्व-त्योहार पर बढ़ेगी पेट्रोलिंग आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी प्रभावी होनी चाहिए। पर्व के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर लगातार सूचनाएं जुटाने और जरूरत के अनुसार पुलिस बल की तैनाती करने को कहा गया। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर पर्व-त्योहार के दौरान बाजारों और प्रमुख सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। जाम की स्थिति बनने पर तत्काल कार्रवाई करने और यातायात को सुचारू रखने के लिए स्थानीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया। महिलाओं से जुड़ी घटनाओं पर विशेष निगरानी बैठक में महिलाओं से संबंधित घटनाओं को लेकर भी निर्देश दिए गए। डीआईजी ने कहा कि ऐसी शिकायतों और मामलों की स्थानीय स्तर से लेकर पुलिस नियंत्रण कक्ष तक प्रभावी निगरानी होनी चाहिए। महिलाओं से जुड़े मामलों में पुलिस की प्रतिक्रिया समय पर हो और शिकायतों के निपटारे में लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि ड्यूटी में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी या कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस-पब्लिक संबंध मजबूत करने पर जोर डीआईजी ने पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस के प्रति आम लोगों का भरोसा बनाए रखना भी जरूरी है। स्थानीय लोगों से लगातार संवाद करने और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी लेने से पुलिस को अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। बैठक में जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। डीआईजी ने सभी अधिकारियों को निर्देशों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने को कहा।
Source link
DIG ने नवादा में की पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक:पर्व-त्योहार पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के लिए कहा, संवेदनशील इलाकों में निगरानी के निर्देश
