![]()
जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित अभद्रता और वीडियो वायरल होने के मामले पर मंत्री और जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने बयान दिया है। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ने मामले में तेजी से कार्रवाई की और 48 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। घटना से जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। मुख्य आरोपी को पकड़ने के दौरान पैर में लगी गोली श्रेयसी सिंह ने कहा कि मुख्य आरोपी को पकड़ने के दौरान पुलिस के साथ गोलीबारी हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना था कि पुलिस की कार्रवाई से यह संदेश जाना चाहिए कि नाबालिगों और महिलाओं के साथ इस तरह की घटनाओं को लेकर प्रशासन गंभीर है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगी थी। DM-SP के साथ बैठक, अंधेरे वाले इलाकों की होगी निगरानी मंत्री ने बताया कि उन्होंने डीएम और एसपी के साथ बैठक की है। इसमें जिले के ऐसे इलाकों को चिन्हित करने पर चर्चा हुई, जहां रात में ज्यादा अंधेरा रहता है। इन स्थानों पर निगरानी और सर्विलांस बढ़ाने को लेकर काम किया जाएगा। वीडियो वायरल करने वालों पर भी कार्रवाई श्रेयसी सिंह ने कहा कि घटना से जुड़े वीडियो को बिना जानकारी के सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने वीडियो और सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े मामलों में कार्रवाई शुरू की है। बिहार पुलिस ने भी ऐसे कंटेंट के प्रसार को लेकर कार्रवाई की जानकारी दी है। बोलीं- घटना को पूरे बिहार की पहचान से न जोड़ें विपक्ष के बयानों पर श्रेयसी सिंह ने कहा कि विपक्ष का काम विरोध करना है। उन्होंने कहा कि इस घटना को पूरे बिहार की पहचान से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। ‘मॉरल पुलिसिंग’ वाले बयान पर सफाई अपने पहले के ‘मॉरल पुलिसिंग’ वाले बयान पर श्रेयसी सिंह ने कहा कि उनका रुख आज भी वही है और उनके बयान के दो शब्दों को अलग करके नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका कहना था कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और पुलिस ने कार्रवाई की भी है। हालिया स्पष्टीकरण में उन्होंने कहा कि इंटरव्यू की पूरी क्लिप सामने नहीं रखी गई और उनकी बात को संदर्भ से अलग करके पेश किया गया।
Source link
मंत्री श्रेयसी सिंह बोलीं- दोषियों पर कठोर कार्रवाई जरूरी:जमुई कांड के आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार; अंधेरे इलाकों में बढ़ेगी निगरानी, मॉरल पुलिसिंग पर रुख कायम
