![]()
औरंगाबाद में एकादशी के शुभ अवसर पर मंगलवार को सदर अस्पताल के मुख्य गेट के समीप स्थित रेड क्रॉस सभागार में खाटू श्याम बाबा के भंडारे की शुरुआत की गई। गरीबों, मरीजों के परिजनों और जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 16 दोस्तों की टोली ने मिलकर इस सेवा अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत अब प्रत्येक गुरुवार को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक खाटू श्याम बाबा का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। पहले दिन ही सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूजा-अर्चना के बाद विधायक ने शुरू कराया महाप्रसाद वितरण भंडारे की शुरुआत भगवान खाटू श्याम बाबा की पूजा-अर्चना से हुई। मुख्य यजमान के रूप में प्रकाश यादव ने पूजा की, जबकि आचार्य डब्लू बाबा ने वैदिक विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। पूजा के बाद भगवान खाटू श्याम की भव्य आरती की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र शामिल हुए। पूजा और आरती के बाद विधायक ने महाप्रसाद वितरण की शुरुआत की। भंडारे में पूरी-सब्जी और बुंदिया का प्रसाद तैयार किया गया था। सदर अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजनों, जरूरतमंदों और अन्य लोगों के बीच सैकड़ों प्लेट प्रसाद वितरित किया गया। 16 दोस्तों ने मिलकर शुरू किया सेवा अभियान अभियान से जुड़े अजीत चंद्र और राहुल राज ने बताया कि गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा, धार्मिक भावना को आगे बढ़ाने तथा समाज के कल्याण के उद्देश्य से इस पहल की शुरुआत की गई है। सदर अस्पताल को इसके लिए चुना गया है, ताकि इलाज कराने आने वाले मरीजों के परिजनों और जरूरतमंद लोगों को भोजन मिल सके। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रत्येक गुरुवार को दोपहर 1 से 3 बजे तक महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। आगे भगवान की कृपा और आदेश रहा तो सेवा का विस्तार करते हुए प्रतिदिन भंडारा चलाने का प्रयास किया जाएगा। इस सेवा अभियान में राहुल राज, नीरज शर्मा, ज्ञानदीप राज, विक्की कुमार, अभिषेक आनंद, मनीष, विवेक सिंह, पवन कुमार, अजीत चंद्र, राकेश कुमार, गोल्डन गुप्ता, रंजीत गुप्ता समेत अन्य साथी सक्रिय रूप से जुड़े हैं। आयोजकों का कहना है कि सेवा कार्य को निरंतर जारी रखने के लिए सभी साथी मिलकर जिम्मेदारी निभाएंगे। धार्मिक आयोजन आपसी समरसता को मजबूत करते हैं : विधायक ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी समरसता, एकता और सामाजिक अखंडता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। विधायक ने सेवा भावना से शुरू किए गए इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आस्था के साथ जरूरतमंदों की मदद का प्रयास समाज के लिए सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में सूरज कुमार, धर्मेंद्र गुप्ता, वार्ड पार्षद डी, संजय अग्रहरी, सौरभ सिंह, सचिन सिन्हा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार गुरुवार को दोपहर 1 से 3 बजे के बीच सदर अस्पताल के मुख्य गेट के समीप महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था नियमित रूप से जारी रहेगी।
Source link
औरंगाबाद- सदर अस्पताल के गेट पर खाटू श्याम का भंडारा:हर गुरुवार को दोपहर 1 से 3 बजे तक मिलेगा महाप्रसाद, 16 दोस्तों ने शुरू किया सेवा अभियान
