Headlines

समस्तीपुर- मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों में झड़प, फायरिंग:युवक के पैर में लगी बुलेट, दोनों पक्षों की ओर से थाने में दिया गया आवेदन




समस्तीपुर के सरायरंजन थाना क्षेत्र के झखड़ा गांव में विश्वकर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान मारपीट और गोलीबारी की घटना से गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया। गोलीबारी में एक युवक के पैर में गोली लगने की बात सामने आई है। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में कई राउंड फायरिंग किए जाने की बात कही जा रही है। झखड़ा गांव निवासी आयुष कुमार झा के बाएं पैर के अंगूठे में गोली लगने की बात सामने आई है। घायल आयुष ने सरायरंजन थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। गाड़ी साइड करने को लेकर शुरू हुआ विवाद घायल आयुष कुमार झा के अनुसार, उनके दादा का निधन हो गया था। वह विश्वकर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दिन निमंत्रण कार्ड देने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान मंजय लाल यादव का विसर्जन जुलूस वहां से गुजर रहा था। जुलूस में शामिल लोगों ने उनसे गाड़ी साइड करने को कहा। आयुष के अनुसार, गाड़ी साइड करने के बाद भी उसे और नीचे करने के लिए कहा गया, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। आयुष का आरोप है कि इसी दौरान मंजय लाल यादव वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट की तथा मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद वह कुछ ग्रामीणों के साथ अपने घर लौट आए। उनका आरोप है कि कुछ देर बाद मंजय लाल यादव और उनके साथ आए कुछ लोगों ने उनके घर के पास फायरिंग की। घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद उन्हें आवेदन देने के लिए कहा गया। इसके बाद वह कुछ ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे और लिखित आवेदन दिया। थाने से लौटने के दौरान भी विवाद का आरोप आयुष के अनुसार, थाने में आवेदन देने के बाद जब वह वापस लौट रहे थे, तब कॉलेज के पास खेत में बड़ी संख्या में लोग पहले से छिपे हुए थे। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने पत्थर और कांच की बोतलों से हमला किया। आगे बढ़ने के बाद जब वे लोग रुके, तब पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसी दौरान गोली चलने की बात आयुष ने कही है। आयुष का दावा है कि इसी गोलीबारी के दौरान उनके बाएं पैर के अंगूठे में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। दोनों पक्षों की ओर से थाने में दिया गया आवेदन घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से सरायरंजन थाने में आवेदन दिए जाने की बात जिला पुलिस कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कही गई है। मामले की जांच की जा रही है। प्रभारी सदर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *