72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में बिहार की चार फिल्मी हस्तियों को अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
.
इनमें अभिनेता संजय मिश्रा, फिल्म निर्देशक कमलेश कुमार मिश्रा, फिल्म निर्माता मिंटी मिश्रा और फिल्म समीक्षक संजीव श्रीवास्तव शामिल हैं।
पुरस्कार समारोह 22 सितंबर 2026 को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित होगा, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगी।
संजय मिश्रा को ‘भक्षक’ के लिए सम्मान
बिहार के रहने वाले अभिनेता संजय मिश्रा को फिल्म ‘भक्षक’ में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया जाएगा।
फिल्म में उन्होंने भास्कर सिन्हा नाम के किरदार की भूमिका निभाई है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की आधिकारिक सूची में उन्हें इस श्रेणी का विजेता घोषित किया गया है।
गोपालगंज के कमलेश और मिंटी की ‘काकोरी’ को पुरस्कार
गोपालगंज के हथुआ प्रखंड के सिंगहा गांव से जुड़े फिल्म निर्देशक कमलेश कुमार मिश्रा और निर्माता मिंटी मिश्रा की फिल्म ‘काकोरी’ को सर्वश्रेष्ठ बायोग्राफिकल/हिस्टोरिकल रिकंस्ट्रक्शन/कम्पाइलेशन फिल्म श्रेणी में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के लिए चुना गया है।

आधिकारिक सूची में कमलेश के नाम के साथ निर्देशक और मिंटी मिश्रा के नाम के साथ निर्माता के रूप में उल्लेख है। दोनों को इस श्रेणी में रजत कमल और निर्धारित नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
‘काकोरी’ 1925 के काकोरी रेल एक्शन की ऐतिहासिक घटना पर आधारित है। फिल्म के निर्माण के दौरान ऐतिहासिक दस्तावेजों, पुरानी किताबों और अखबारों के साथ-साथ इतिहासकारों से भी जानकारी जुटाई गई।
मुजफ्फरपुर से जुड़े संजीव श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक पुरस्कार
संजीव श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक (हिंदी) का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलेगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की आधिकारिक सूची में उन्हें इस श्रेणी का एकमात्र विजेता घोषित किया गया है। इस पुरस्कार के साथ स्वर्ण कमल और नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
संजीव श्रीवास्तव लंबे समय से पत्रकारिता और फिल्म लेखन से जुड़े हैं। TV9 भारतवर्ष के प्रोफाइल के मुताबिक उनका पैतृक गांव-घर बिहार के सीतामढ़ी में है और वे करीब ढाई दशक से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं।
22 सितंबर को होगा सम्मान समारोह
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार वर्ष 2024 में रिलीज फिल्मों और सिनेमा से जुड़े कार्यों के लिए दिए जा रहे हैं। इस बार समारोह दिल्ली के बजाय गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 सितंबर को पुरस्कार प्रदान करेंगी।
