![]()
भागलपुर जिला प्रशासन बाढ़ पीड़ितों को लगातार राहत पहुंचा रहा है। इसी कड़ी में पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान स्थित राहत शिविर में 380 परिवारों को राहत किट बांटी गई। आपदा प्रबंधन विभाग के एडीएम कुंदन कुमार की देखरेख में यह सामग्री दी गई। राहत किट में बर्तन, सर्फ, साबुन, तेल, कंघी और आईना जैसे जरूरी सामान हैं। परिवार के सदस्यों की संख्या के हिसाब से अलग-अलग किट बनाई गई हैं। महिलाओं को साड़ी, साया और ब्लाउज दिए गए हैं। पुरुषों को लुंगी, गंजी और गमछा मिला है। बच्चों के लिए हाफ पैंट, टी-शर्ट, स्कर्ट, फ्रॉक और अंडरगार्मेंट्स भी किट में शामिल हैं। एडीएम बोले- शिविर में रजिस्टर्ड सभी 380 परिवारों को सौंपी राहत किट एडीएम कुंदन कुमार ने बताया कि शिविर में पंजीकृत सभी 380 परिवारों को राहत किट दी जा रही है। परिवार के सदस्यों और बच्चों की संख्या के हिसाब से सामग्री तैयार करने में तीन से चार दिन लगे। पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान से वितरण शुरू हुआ है। इसके बाद दूसरे राहत शिविरों में भी ऐसी ही सामग्री बांटी जाएगी। राहत सामग्री मिलने से बाढ़ पीड़ित परिवारों ने खुशी जताई। बाढ़ पीड़ित सुनीता देवी ने कहा कि बाढ़ के कारण उनका घर का सामान खराब हो गया था। इसलिए उन्हें शिविर में रहना पड़ रहा है। प्रशासन से जरूरी सामान मिलने से उन्हें बहुत मदद मिली है। उन्होंने प्रशासन का आभार जताया। सुनीता देवी ने बताया कि बाढ़ से उनके परिवार को कई दिक्कतें हुई हैं। ऐसे समय में कपड़े और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। राहत किट वितरण के दौरान जगदीशपुर अंचलाधिकारी समेत कई प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम लगातार जारी है।
Source link
भागलपुर में 380 बाढ़ पीड़ित परिवारों को मिली राहत किट:महिलाओं को साड़ी, पुरुषों को लुंगी-गमछा और बच्चों को कपड़े भी दिए; एडीएम बोले- राहत दिलाना प्राथमिकता
