![]()
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के नदी थाना क्षेत्र स्थित गोबराही गांव के पास शुक्रवार को मेला देखकर घर लौट रहे लोगों की बोलेरो अनियंत्रित होकर कोसी बांध से नीचे पलट गई। हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान सहरसा जिले के जलई थाना क्षेत्र के घोघेपुर गांव निवासी मो. रजी के 30 वर्षीय पुत्र मोहम्मद दिलदार और महफूज आलम के पुत्र मो. चांद के रूप में हुई है। घायलों में मो. गुड्डू, मो. हशीब और मो. आसिफ शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, पांचों लोग बोलेरो से मेला देखने गए थे। मेला देखकर सभी वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोबराही गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित कोसी बांध से नीचे पलट गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। एक मृतक के परिजन ने पोस्टमॉर्टम कराने से किया इनकार सूचना मिलने पर नदी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मोहम्मद दिलदार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, दूसरे मृतक मोहम्मद चांद के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी मिली है। नदी थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
Source link
कोसी बांध से नीचे पलटी पिकअप, दो लोगों की मौत:दरभंगा में एक मृतक के परिजन ने पोस्टमॉर्टम कराने से किया इनकार, तीन अन्य घायल
