![]()
बांका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 साल पूरे होने तथा उनके 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में गुरुवार शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलेभर में 1 लाख से अधिक दीप जलाए गए। मुख्य कार्यक्रम बौंसी प्रखंड के मंदार पर्वत की तलहटी स्थित पापहरणी सरोवर परिसर में हुआ। जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल की मौजूदगी में पापहरणी सरोवर परिसर में 10 हजार दीप जलाए गए। एक साथ जलाए गए दीपों से पूरा परिसर रोशनी से नहा उठा। सरोवर के पानी में दीपों का प्रतिबिंब और पीछे मंदार पर्वत का दृश्य बेहद आकर्षक नजर आया। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने इस मनमोहक दृश्य को मोबाइल कैमरे में कैद किया। देखें, मौके से आई तस्वीरें… शाम होते ही जुटने लगे लोग कार्यक्रम को लेकर शाम से ही पापहरणी सरोवर के आसपास श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और युवाओं की भीड़ जुटने लगी। घाटों पर दीप जलाने के बाद पूरा सरोवर परिसर जगमगा उठा। कुछ देर के लिए यहां दीपावली जैसा नजारा देखने को मिला। वैदिक मंत्रों के साथ सुख-समृद्धि की कामना दीप प्रज्वलन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई। कार्यक्रम में लोगों ने सेवा और समर्पण की भावना के साथ सहभागिता की। स्कूली बच्चों ने भी बढ़ाया उत्साह अद्वैत मिशन विद्यालय के स्कूली बच्चों के साथ अद्वैत मिशन बीएड कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों के उत्साह और तालियों से कार्यक्रम स्थल का माहौल खुशनुमा बना रहा। जिलेभर में एक लाख से ज्यादा दीप ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम केवल पापहरणी सरोवर तक सीमित नहीं रहा। जिले के विभिन्न प्रखंडों, प्रमुख चौक-चौराहों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी दीप जलाए गए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम लोगों ने इसमें भाग लिया। जनभागीदारी और सेवा संकल्प पर जोर कार्यक्रम का उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाने, सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा संकल्प अभियान से जोड़ना रहा। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए जिलेवासियों के प्रति आभार जताया।
Source link
बांका में जला जनसेवा का ‘आशीर्वाद का दीया’:1 लाख से ज्यादा दीपों से जगमगाया, मंदार की तलहटी में 10 हजार से सजा पापहरणी सरोवर
