Headlines

दरभंगा में गरीब चौपाल में मिले 4 हजार आवेदन:संतोष सुमन बोले-समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास होगा; बिहार में HAM के 5 विधायक




दरभंगा के केवटी प्रखंड के पाराडीह ब्रह्मस्थान मैदान में शनिवार को हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से) की ओर से गरीब चौपाल यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्य सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पार्टी को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को सदस्यता अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में HAM के वर्तमान में पांच विधायक हैं और दरभंगा व केवटी विधानसभा क्षेत्र में भी पार्टी के बड़ी संख्या में समर्थक हैं। डॉ. संतोष सुमन ने कहा कि गरीब चौपाल के जरिए पार्टी गांव-गांव पहुंचकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की समस्याएं सुन रही है। उन्होंने दावा किया कि शनिवार के कार्यक्रम में करीब 4 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों को देखा जाएगा और संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा में यह गरीब चौपाल का 14वां कार्यक्रम है। रविवार को मधुबनी में चौपाल का आयोजन होगा। इसके बाद दूसरे प्रखंडों में भी कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब तक गरीब जागरूक नहीं होंगे और अपने अधिकारों को नहीं समझेंगे, तब तक पार्टी का यह अभियान जारी रहेगा। ‘गरीब हमारी ताकत हैं’ डॉ. सुमन ने कहा कि गरीबों की वजह से ही वह आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। गरीब उनकी ताकत हैं और उनका उद्देश्य गरीबों के चेहरे पर मुस्कान लाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई लोग अपनी समस्याओं को लेकर पटना नहीं पहुंच पाते हैं। इसलिए पार्टी खुद गांव और चौपाल तक पहुंच रही है। लोग अपनी समस्याएं लिखकर दें, जिन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। मांझी सरकार के 34 एजेंडों का किया जिक्र मंत्री ने जीतन राम मांझी के मुख्यमंत्री रहने के दौरान पारित 34 एजेंडों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पार्टी आज भी इन एजेंडों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा गरीब और शोषित लोगों को अपनी बात रखने का मंच देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी जितनी मजबूत होगी, जीतन राम मांझी और उनका हाथ उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद बिहार के हर जिले में HAM का विधायक होगा। डॉ. सुमन ने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा दिलाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के जरिए ही समाज के बच्चे आगे बढ़ सकते हैं। ‘चुनाव नहीं, लोगों को जागरूक करने पहुंचे’ पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री राजेश पांडेय ने कहा कि अभी चुनाव का समय नहीं है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उनके बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपनी ताकत को समझने और एकजुट होकर पार्टी की सदस्यता लेने की अपील की। आरक्षण और चिराग पासवान के सवाल पर भी जवाब आरक्षण के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. संतोष सुमन ने कहा कि कुछ वर्गों और जातियों के संबंध में विचार करने की जरूरत है। वहीं चिराग पासवान द्वारा इस्तीफे की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर वह काफी बोल चुके हैं और फिलहाल गरीबों की समस्याओं पर बात करने आए हैं। कई लोगों ने ली पार्टी की सदस्यता जिलाध्यक्ष आरके दत्ता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कुटुंबा विधायक ललन राम, प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, इजहार अहमद, पार्टी प्रवक्ता राजेश कुमार पांडेय, महादलित आयोग के सदस्य मकेश मांझी, प्रदेश सचिव कारी गामी, अजय कर्ण, हीरालाल गुप्ता, संजय सदा, सुमित्रा देवी, रामदुलारी देवी, संजीवन सदा, सुमन सिंह, ज्योति देवी और चंदन ऋषिदेव सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन और अन्य अतिथियों का फूल-माला, पाग और चादर देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में दरभंगा, मधुबनी, सुपौल और सहरसा सहित विभिन्न क्षेत्रों से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *